
ऐसी बारिश हुई की सड़क ही धंस गई
भिनाय (अजमेर). निकटवर्ती ग्राम तेलाड़ा के पास खरिया बाहली पर अचानक सड़क धंसने से रोडवेज बस गड्ढे में फंस गई। इससे यात्रियों की जान सांसत में आ गई। बस चालक की तत्परता से यात्रियों की जान बची।
रविवार को दिन में अजमेर आगार की रोडवेज बस यात्रियों को लेकर भिनाय पहुंची। दोपहर 12 बजे बस भिनाय से देवलिया के लिए रवाना हुई। भिनाय से २ किलोमीटर आगे तेलाड़ा के पास खारिया बहाली पर अचानक सड़क धंसने से बस के अगले हिस्से के दोनों पहिए उसमें फंस गए। गनीमत रही कि बस चालक खेमाराम ने स्थिति को भांपते हुए बस को धीरे कर लिया, जिससे बस पलटी खाने से बच गई व सड़क के बीच में ही खड़ी हो गई। इससे रास्ता जाम हो गया। अचानक हुई इस घटना से घबराए यात्री बस से नीचे उतरकर पैदल ही वापस भिनाय से अन्य साधन करके नागोला होते हुए देवलिया कलां पहुंचे।
परिचालक प्रहलाद ने बताया कि भिनाय से बस में 10 सवारियां थी। सवारियों को चोटें नहीं आई है। बस में सवार यात्री छोटू कुम्हार ने बताया कि हाल ही में बनी सड़क में पुलिया निर्माण में एक ही पाइप लगाया हुआ है, अधिक वर्षा होने पर पाइप के पास सड़क के नीचे की मिट्टी में कटाव होने से सड़क धंस गई।
जानकारी मिलते ही भारत विकास परिषद के हनुमान सिंह, श्री सनातन धर्म मण्डल के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश भट्ट, दीपू माली, कालू सांसी, रामपाल, महावीर, विकास सांसी, अरविन्द आचार्य व नखरा बैरवा सहित आसपास गांवों के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। करीब 2 घंटे बाद जेसीबी मशीन से गड्ढे में फंसी बस को बाहर निकाला तथा गड्ढे को जेसीबी से मिट्टी डालकर रास्ता सही करवाया।
Published on:
8 Jul 2019, 5:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.