
उत्तर प्रदेश के मौसम को लेकर लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, 25 से 26 मई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यूपी के वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, बरेली, अयोध्या, कानपुर और प्रयागराज सहित लगभग 70 जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट (Weather Update) जारी किया है।
दक्षिण भारत में मौसम अधिक सक्रिय है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार, 24 से 26 मई तक केरल में और 24 से 27 मई तक तटीय कर्नाटक व घाट क्षेत्रों में मूसलधार बारिश (Rain Alert) हो सकती है। इसके अलावा महाराष्ट्र के मध्य क्षेत्रों और गोवा में भी 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ-साथ वर्षा की गतिविधियां तेज रहेंगी।
पंजाब और हरियाणा में गर्मी का प्रकोप चरम पर है। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में 48 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग ने इन इलाकों में 27 मई तक लू चलने की संभावना जताई है। साथ ही, धूल भरी आंधी और गर्म रातें भी इन क्षेत्रों को प्रभावित कर सकती हैं। इस दौरान लोगों को घरों में रहने और पर्याप्त जल सेवन करने की सलाह दी गई है।
किसानों के लिए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। तेज हवाएं और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, विशेषकर मक्का, मूंगफली, मूँग, सूरजमुखी और अन्य बागवानी फसलों में फूल और फल झड़ सकते हैं। इसलिए कीटनाशक या उर्वरकों का छिड़काव केवल तब करें जब हवाएं शांत हों। साथ ही, हल्की सिंचाई करके खेतों की नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
Updated on:
27 May 2025, 7:31 AM IST
Published on:
25 May 2025, 9:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.