प्रयागराज. (Allahabad High Court News) वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश की तमाम जिला अदालतों, अधिकरणों और पारिवार न्यायालयों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। नई गाइडलाइन के मुताबिक मुकदमों की सुनवाई अब सिर्फ वर्चुअल मोड से ही की जाएगी। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक भौतिक रूप से उपस्थ्ति होकर कोई मुकदमा नहीं सुना जाएगा। हाईकोर्ट ने वकीलों और वादकारियों, स्टाम्प वेंडर, एडवोकेट और क्लर्क के अदालत परिसर में जाने पर रोक लगा दी है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए एक्टिंग चीफ जस्टिस संजय यादव ने यह आदेश सुनाया है। आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण की वजह से इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस भी संक्रमित हैं। इसके अलावा हाईकोर्ट और जिला अदालतों के कई कर्मचारी, वकील भी कोरोना संक्रमण की चपेट में हैं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए ही अब यह फैसला लिया गया हैं।