
शाहजहांपुर. परिवहन विभाग की चैकपोस्ट पर ट्रक चालकों से अवैध वसूली का बड़ा खेल चल रहा है। जयपुर एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर रविवार अल सुबह करीब पौने चार बजे अलवर, कोटा शहर व बूंदी की एसीबी टीमों ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देते हुए चैकपोस्ट पर छापेमारी में परिवहन निरीक्षक रविन्द्र सिंह भाटी, दलाल चौबारा गांव निवासी ट्रांसपोर्टर रविंद्र सिंह चौहान सहित 11 जनों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध वसूली की करीब 12 लाख रुपए की राशि बरामद की है। शाहजहांपुर चैकपोस्ट पर एसीबी की कार्रवाई से परिवहन विभाग में जबरदस्त हड़कम्प मचा हुआ है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी के अनुसार परिवहन विभाग के शाहजहांपुर कर संग्रह केन्द्र से निकलने वाले ट्रकों से की जाने वाली अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। जिसके सत्यापन के लिए एसीबी के अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही थी। वहीं, एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ठाकुर चन्द्रशील कुमार और अलवर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम कर मामले का कई बार सत्यापन कराया गया।
सूचना की पुख्ता पुष्टि होने पर रविवार सुबह करीब पौने चार बजे एसीबी टीम ने शाहजहांपुर चैकपोस्ट पर पहुंच कर विधिवत प्रक्रिया के तहत ट्रक चालकों के जरिये अवैध रूप से वसूली किए जाने की ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जिसमें निजी कर्मचारी सीकर जिले के गजेन्द्रसिंह पुत्र नाथू सिंह को रंगे हाथों अवैध रूप से वसूली करते गिरफ्तार किया और राशि बरामद की। इसके बाद ड्यूटी पर कार्यरत डिटेन सुदा परिहवन निरीक्षक रविन्द्र सिंह भाटी व अन्य कर्मचारियों, कार्मिकों, संविदा कर्मिर्यो तथा निजी कार्मिकों के कब्जे से ट्रक चालकों से रात भर की गई अवैध वसूली की राशि बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाशी लेकर 84 हजार रुपए की राशि बरामद की गई।
वहीं, चैकपोस्ट के समीप बनी केबिन में मौजूद दलाल रविन्द्र सिंह चौहान के कब्जे से ट्रक चालकों से अवैध वसूली के 2 लाख 6 हजार रुपए बरामद किए गए। साथ ही परिवहन विभाग के अवैध वसूली सम्बन्धी दस्तावेज भी बरामद किए। वहीं, मौके पर पकड़े गए चौबारा निवासी ट्रांसपोर्टर व दलाल गजेन्द्र सिंह चौहान के घर पर स्थानीय थानाधिकारी विक्रम सिंह चौधरी के नेतृत्व में मय जाप्ते के दबिश दी गई। दलाल के घर के कमरे की अलमारी से 8 लाख 85 हजार रुपए नकद व परिवहन विभाग की अवैध वसूली से संबन्धित दस्तावेज भी बरामद कि गए। एसीबी की कार्रवाई में एएसपी ठाकुर चन्द्रशील व विजय सिंह, सीआई प्रेमसिंह, कोटा टीम में सीआई अजीत बागडोलिया, सीआई नरेश, दिलीप, नरेन्द्र सिंह, मनोज कुमार, भरत व बूंदी टीम के ज्ञानचंद मीना सहित मौजूद थे।
इन्हें किया गिरफ्तार
एसीबी टीम द्वारा ट्रैप कार्रवाई एवं छापेमारी में पकडे़ गए कार्मिकों के ठिकानों पर दबिश कार्रवाई जारी है। प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर सीकर जिले के गजेन्द्रसिंह पुत्र नाथूसिंह (निजी कर्मी), अलवर निवासी लोकेश पुत्र हनुमान प्रसाद (गार्ड संविदाकर्मी), कैलाशचन्द पुत्र नत्थूराम निवासी अलवर (गार्ड संविदा कर्मी), रविन्द्र सिंह पुत्र इन्दूपाल सिंह चौहान निवासी चौबारा (ट्रांसपोर्टर व दलाल, निजी कर्मी), सुबेसिंह उर्फ लीलू पुत्र राम सिंह निवासी शाहजहांपुर (दलाल, निजी कर्मी), विक्रम सिंह पुत्र हरनाथ सिंह निवासी अलवर (दलाल, निजी कर्मी), परिवहन निरीक्षक रविन्द्र सिंह भाटी, आईमाता ढाबा संचालक हरीश पुत्र सोनाराम निवासी बाड़मेर ( निजी व्यक्ति), परिहवन विभाग के चालक सुमेर सिंह पुत्र देवकरण निवासी अलवर, संविदाकर्मी प्रदीप पुत्र हेमराज निवासी चिडावा, संविदाकर्मी केबिन गार्ड राजेन्द्र सिंह चौधरी पुत्र राम सिंह चौधरी निवासी अलवर को गिरफ्तार किया है।
कई माह से एसीबी के रडार पर थी चैकपोस्ट
सूत्रों के अनुसार एसीबी टीम को कुछ माह पहले शाजहांपुर चैकपोस्ट पर ट्रकों से अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। इसके बाद से परिवहन विभाग की शाहजहांपुर चैकपोस्ट एसीबी के अधिकारियों के रडार पर थी। कई बार शिकायत का सत्यापन कराया गया। इसके बाद एसीबी की टीम ने रविवार तड़के पूरी प्लानिंग के साथ चैकपोस्ट पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
Published on:
10 Apr 2022 08:38 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
