
अरावली विहार थाना (फाइल फोटो)
अलवर में करीब 35 लाख रुपए की दवाइयों से भरे गायब ट्रक (Medicine Truck) को अरावली विहार थाना पुलिस (Aravali Vihar Police) ने महज 12 घंटे में बरामद कर लिया। पुलिस ने ट्रक के साथ उसमें लदा पूरा माल भी बरामद किया है। मामले में वाहन मालिक और चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट दी थी कि 17 सितंबर को सुनिल हैल्थ केयर (Sunil Health Care) कैप्सूल फैक्ट्री से करीब 35 लाख रुपए की कीमत की दवाइयों के 182 डिब्बे ट्रांसपोर्टर अजय यादव के ट्रक में लोड किए गए थे। ट्रक में कुल करीब 294.50 लाख कैप्सूल (Capsules) थे। माल को चालक रोहिताश के साथ विभिन्न दवा निर्माता कंपनियों को देने के लिए महीपालपुर, हरियाणा भेजा गया था। हालांकि, ट्रक निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। इसके बाद दवाइयों से भरा ट्रक (Medicine Loaded Truck) रास्ते में ही गायब हो गया। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसूचना और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ट्रक की तलाश शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर ट्रक को दवाइयों सहित बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने ट्रक को जंगल में एक सुनसान जगह पर ओट में छिपाकर रखा था।
पुलिस ने मौके से ट्रक और उसमें भरा पूरा माल बरामद कर लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक को किस उद्देश्य से गायब किया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में वाहन मालिक (Vehicle Owner) और ट्रक चालक (Truck Driver) की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में एक ट्रक दवाइयों सहित बरामद हुआ है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अनुसंधान जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में जल्द आगे कार्रवाई होगी। अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार और उत्तर शहर वृत्ताधिकारी राजेश कसाणा के निकटतम सुपरविजन में अरावली विहार थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
Updated on:
30 Sept 2026 03:49 pm
Published on:
30 Sept 2026 03:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
