30 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Sariska Tiger Reserve: कल खुलेगा सरिस्का, अक्टूबर की सफारी बुकिंग फुल

Sariska Tiger Reserve: करीब तीन महीने के इंतजार के बाद सरिस्का टाइगर रिजर्व एक अक्टूबर से पर्यटकों के लिए फिर खुल जाएगा। मानसून के दौरान बंद रहे जंगल के पर्यटक मार्गों को दुरुस्त कर लिया गया है। अक्टूबर की ऑनलाइन सफारी बुकिंग पहले ही काफी हद तक फुल हो चुकी है, जिससे पर्यटकों में उत्साह है।
2 min read
Google source verification
Sariska Tiger Reserve

सरिस्का में एसटी- 21 (फाइल फोटो)

Sariska Tiger Reserve: अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में एक अक्टूबर से पर्यटकों को फिर जंगल सफारी का मौका मिलेगा। करीब तीन महीने तक मानसून के कारण बंद रहे सरिस्का के पर्यटक मार्गों को दुरुस्त कर लिया गया है। रिजर्व खुलने से पहले ही सफारी को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अक्टूबर महीने की अधिकांश ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी हैं।

सरिस्का में पर्यटकों को रोजाना दो पारियों में जंगल भ्रमण कराया जाएगा। पहली पारी सुबह 6:30 बजे से 10 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगी। पर्यटक सरिस्का और टहला गेट से जंगल में प्रवेश कर सकेंगे। इस बार टहला क्षेत्र में एक और सरिस्का गेट क्षेत्र में दो पर्यटक जोन भ्रमण के लिए खुले रहेंगे।

35 गाड़ियों से होगी सफारी

रेंजर पर्यटन कृष्ण कुमार के अनुसार जंगल सफारी के लिए इस बार भी 35 गाड़ियां उपलब्ध रहेंगी। एक पारी में अधिकतम 392 पर्यटकों को जंगल भ्रमण कराया जा सकता है। अक्टूबर में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।

अक्टूबर के पहले सप्ताह में ऑफलाइन टिकट मिलना आसान नहीं होगा। इसकी वजह ऑनलाइन बुकिंग में अधिकांश सीटों का पहले ही बुक हो जाना है। हालांकि ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद यदि किसी पारी में सीट या गाड़ी उपलब्ध रहती है, तो उस स्थिति में ऑफलाइन टिकट के जरिए भी पर्यटकों को जंगल भ्रमण कराया जाएगा। सफारी में ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले पर्यटकों को पहली प्राथमिकता मिलेगी।

गाइड को दिए पर्यटकों से व्यवहार के टिप्स

सरिस्का खुलने से पहले क्षेत्र निदेशक संग्राम सिंह कटियार और डीएफओ अभिमन्यु सहारण ने गाइड की बैठक ली। अधिकारियों ने गाइड को पर्यटकों के साथ बेहतर व्यवहार करने और जंगल के बारे में सही एवं उपयोगी जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्हें बताया गया कि पर्यटकों को ऐसा अनुभव मिले कि वे दोबारा अलवर में सरिस्का भ्रमण के लिए आएं।

बैठक में जंगल में प्रतिबंधित चीजें नहीं ले जाने को लेकर भी गाइड को जानकारी दी गई। पर्यटकों से जंगल में प्लास्टिक की बोतल या अन्य कचरा नहीं फेंकने के लिए कहा जाएगा। इसके साथ ही जंगल सफारी के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने के निर्देश भी दिए गए हैं।

तीन महीने बाद सरिस्का खुलने के साथ ही वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों का इंतजार खत्म हो जाएगा। अक्टूबर में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।