
प्रतीकात्मक तस्वीर
अलवर/भिवाड़ी। बिजली निगम की सतर्कता टीम ने चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में बिजली चोरी पकड़कर 1.71 करोड़ रुपए का जुर्माना ठोका है। फैक्ट्री में लगे मीटर को लंबे समय से रिमोट से नियंत्रित किया जा रहा था।
डिस्कॉम के सहायक अभियंता कालूराम शर्मा ने बताया कि इस औद्योगिक प्लांट के अंदर मीटर की सील तोड़कर टीटीबी में रिमोट लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। शिकायत पर मौके पर पहुंचे बिजली निगम के सतर्कता दल ने प्लांट मालिक के खिलाफ बिजली एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। दल ने एक करोड़ 71 लाख 56 हजार 956 रुपए की वीसीआर भरी।
कार्रवाई के दौरान सतर्कता दल मेंं अधिशाषी अभियंता ईशाक खान, अधिशाषी अभियंता मीटर्स महेश यादव, सहायक अभियंता भिवाड़ी कालूराम शर्मा व कनिष्ठ अभियंता यूूसुफ खान आदि मौजूद रहे। इसके बाद डिस्कॉम की ओर से बहरोड़ के बिजली थाने में बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आप सोच रहे होंगे कि सतर्कता टीम ने करोड़ 71 लाख 56 हजार 956 रुपए का जुर्माना किस तरह ठोका। बता दें कि उपभोक्ता का औद्योगिक कनेक्शन है। इसका कनेक्टेड लोड 180 एचपी और कांट्रेक्ट डिमांड 150 केवीए है। फैक्ट्री में प्लास्टिक के दाने बनते हैं। इसका असेस्मेंट एक करोड़, 65 लाख, 26 हजार, 956 रुपए आया। प्रशासनिक राशि 6 लाख 30 रुपए लगाई गई। इस तरह उपभोक्ता पर एक करोड़, 71 लाख, 56 हजार, 956 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
Published on:
11 Dec 2019, 1:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.