
Lok Sabha Elections 2024 : अलवर। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार से प्रदेश दौरे पर आक्रामक चुनाव प्रचार शुरू कर दिया। अलवर लोकसभा की हरसोली में आयोजित सभा में उन्हाेंने कांग्रेस को परिवारवदी पार्टी बताते हुए सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी पर प्रहार किया। शाह ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ। मगर कांग्रेस कहती है बेटा बचाओ और उसे पीएम बनाओ।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का पूरा ध्यान राहुल गांधी को पीएम बनाने में है। देश के बच्चों पर उनका ध्यान नहीं है। हर बार उन्होंने राहुल बाबा को लाॅच किया, लेकिन हर बार राहुल गांधी की लॉन्चिंग फेल हो गई।
उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे के कश्मीर से राजस्थान को क्या लेना देना के बयान पर लोगों से पूछा कि क्या कश्मीर हमारा नहीं है। इस पर लोगों ने कहा कि कश्मीर हमारा है। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लालच में धारा 370 को नहीं हटाया। पीएम मोदी ने एक ही झटके में धारा 370 को हटा दिया।
शाह ने कहा कि 10 साल में पीएम मोदी ने कई बड़े काम किए। उनके आगे की 25 साल की प्लानिंग है। इसलिए मोदी को तीसरी बार पीएम बनाना है। कांग्रेस 40 साल तक वन रैंक वन पेंशन की बात करती रही, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। मोदी 2014 में पीएम बने और 2015 में इस पेंशन को लागू किया।
ईआरसीपी : कांग्रेस का झूठ
ईआरसीपी को लेकर कांग्रेस झूठ फैला रही है कि इससे अलवर को पानी नहीं मिलेगा। लेकिन मैं विश्वास दिलाता हूं कि ईआरसीपी मोदी की गारंटी है और जल्दी यह योजना पूरी होगी और दशकों की पानी की किल्लत दूर होगी। हर घर में पानी पहुंचेगा और सूखी धरती हरी भरी होगी।
आरक्षण : खत्म नहीं करेंगे
आरक्षण को लेकर कहा कि कांग्रेस यह झूठ फैला रही है कि भाजपा आरक्षण को खत्म कर देगी, लेकिन भाजपा ना आरक्षण को खत्म करेगी और नहीं किसी को करने देगी। भाजपा आरक्षण का समर्थन करती है।
ओबीसी : कांग्रेस विरोध
शाह ने कांग्रेस को ओबीसी विरोधी पार्टी बताया और कहा कि ओबीसी को संवैधानिक मान्यता पीएम मोदी ने दी है। खास बात यह है कि हमारे देश का विश्व में नाम करने वाले पीएम मोदी भी ओबीसी वर्ग से आते हैं।
राम मंदिर : 70 साल का इंतजार
कांग्रेस 70 साल तक राम मंदिर को लटकाती रही, भटकाती रही। नरेन्द्र मोदी ने दूसरी बार पीएम बनने के साथ ही राम मंदिर का निर्माण करवाया। कांग्रेस ने तो राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में आना पसन्द नहीं किया।
Published on:
14 Apr 2024, 7:50 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.