
अचानक अलवर आए दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने प्रधानमंत्री मोदी व वसुंधरा सरकार पर बोला हमला, लगाए यह गंभीर आरोप
दलित नेता व गुजरात के वडगाम से विधायक जिग्नेश मेवाणी मंगलवार को अचानक अलवर पहुंचे। वे करीब सवा दो बजे अलवर में कटी घाटी के पास लोगों को संबोधित करने आए। उनके आने से पहले ही आयोजकों ने तैयारियां कर ली थी। जिग्नेश मेवाणी के इस दौरे के की जानकारी बेहद कम लोगों को थी। जिग्नेश मेवाणी का यहां उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
जिग्नेश ने यहां आते ही राज्य की वसुंधरा व केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। जिग्नेश ने कहा कि वे किसी भी हालत में केंद्र व राजस्थान सरकार के दलित विरोधी मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने 2014 के चुनावों से पूर्व ढ़ेरों वादे किए, अगर मोदी खुद इन वादों की लिस्ट पढ़ें तो उन्हें खुद की सच्चाई पता चल जाएगी।
राजस्थान सरकार पर भी बोला हमला
जिग्नेश मेवाणी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 2 अप्रेल को भारत बंद आंदोलन के दौरान वसुंधरा राजे के कहने पर राजस्थान पुलिस ने दलित समाज की माताओं व बहनों को पीटा। इसके साथ कई आंदोलनकारियों को जेल में डाल दिया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री एक महिला होने के बाद भी आपको पीटा गया।
राजस्थान से शुरु करेंगे सफर
जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि वे टीम राजस्थान के साथ मिलकर राजस्थान सरकार को हरा देंगे। उन्होंने कहा कि वे राजस्थान में जीत दर्ज करने के बाद पूरे भारत का दौरा करेंगे व केंद्र में मौजूदा भाजपा सरकार को हटाकर ही दम लेंगे।
गुजरात का दिया उदहारण
जिग्नेश मेवाणाी ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को कहा कि किसी समय गुजरात में नरेंद्र मोदी के खिलाफ कोई बोलने की हिम्मत नहीं कर सकता था। लेकिन जिग्नेश, अल्पेश, व हार्दिक पटेल की तिकड़ी ने भाजपा को हिला दिया। जिग्नेश ने कहा कि वे बार-बाार राजस्थान आएंगे और दलितों, आदिवासियों व मुसलमानों को साथ लेकर भाजपा सरकार को हटाएंगे। वे इस कार्यक्रम के बाद कठूमर के लिए निकल गए।
Published on:
05 Jun 2018 05:01 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
