6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

निर्दलीय को भाजपा ने जिताया, जीतने के बाद कांग्रेसियों के साथ निकाला जुलूस

राजगढ़ नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद की सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी मौसमी बाई गुर्जर ने अपने प्रतिद्वंदी प्रेमनारायण शर्मा को नौ मतों के अंतराल से हराकर कब्जा कर लिया।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

kamlesh sharma

Dec 21, 2020

deputy chairman election in rajgarh alwar

राजगढ़ (अलवर)। राजगढ़ नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद की सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी मौसमी बाई गुर्जर ने अपने प्रतिद्वंदी प्रेमनारायण शर्मा को नौ मतों के अंतराल से हराकर कब्जा कर लिया। यहां निर्दलीय के आगे उस समय राजनीति फेल हो गई, जब निर्दलीय प्रत्याशी मौसमी बाई गुर्जर को भाजपा ने अपना समर्थन देकर विजयी बनाया। इसके बाद जो हुआ वो बेहद रोचक है... जीतने के बाद भाजपा समर्थित पालिका उपाध्यक्ष मौसमी बाई गुर्जर ने कांग्रेस के विधायक जौहरीलाल मीना व अन्य नेताओं के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों से जुलूस निकाल डाला। राजनीति की इस उठापटक की लोगों में चर्चा बनी रही।

रिटर्निंग अधिकारी केशव कुमार मीना ने बताया कि नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी मांगेलाल सैनी, निर्दलीय प्रत्याशी मौसमी बाई गुर्जर एवं प्रेमनारायण शर्मा ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। संवीक्षा के दौरान मांगेलाल सैनी का नामांकन पत्र 11 बजकर 8 मिनट पर दाखिल किए जाने के कारण निरस्त कर दिया गया। इस पर दो प्रत्याशी मौसमी बाई गुर्जर व प्रेमनारायण शर्मा चुनाव मैदान में रह गए।

वहीं उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी भाजपा समर्थित मांगेलाल सैनी का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके बाद दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों में से एक प्रत्याशी को नामांकन पत्र वापस लेने के काफी प्रयास किए जिससे एक प्रत्याशी को निर्विरोध उपाध्यक्ष बनाया जा सके। इसके बाद भाजपा ने निर्दलीय प्रत्याशी मौसमी बाई गुर्जर को अपना समर्थन दे दिया।

मतदान में मौसमी बाई गुर्जर उपाध्यक्ष पद पर नौ मतों से काबिज हो गई। मौसमी बाई गुर्जर को 21 व प्रेमनारायण शर्मा को 12 मत मिले तथा दो मत निरस्त किए गए। इसके बाद उपखण्ड अधिकारी ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष मौसमी बाई गुर्जर को उपाध्यक्ष पद की शपथ दिलाकर प्रमाण -पत्र देकर विजयी घोषित किया। मतदान में 35 पार्षदों ने भाग लिया। नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष मौसमी बाई गुर्जर का समर्थकों ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।

खाई पलटी
राजगढ़ में बड़ा खेल निर्दलीय के आगे उस समय राजनीति फेल हो गई। जब नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी मौसमी बाई गुर्जर को भाजपा ने अपना समर्थन देकर विजयी बनाया। उसके कुछ समय बाद ही भाजपा समर्थित पालिका उपाध्यक्ष मौसमी बाई गुर्जर ने कांग्रेस के विधायक जौहरीलाल मीना, डॉ. सर्वेश सैनी, मुंशीलाल गुप्ता, नवनिर्वाचित पार्षद राजेन्द्र चेयरवाल, अजय निदानिया आदि के साथ कस्बे के मुख्य मार्गो से जुलूस निकाला। इस प्रकार नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव की लड़ाई रोचक रही तथा कस्बे में यह चर्चा का विषय बनी रही।