
बहरोड़ पालिका उपाध्यक्ष की सिर में दो व पेट में एक गोली लगने के बाद कुछ ऐसी है हालत
बहरोड़. नगर पालिका उपाध्यक्ष राकेश शर्मा को शक्ति रिसोर्ट होटल में शादी समारोह में बदमाशों द्वारा गोली मारने के बाद परिजनों ने गंभीर हालत में सोमवार देर रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उन्हें आईसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया है, हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्रकरण में पालिका उपाध्यक्ष के भाई मुकेश शर्मा ने कस्बे के विकास उर्फ मुन्ना, उसका भाई भीम व दो अन्य बदमाशों के खिलाफ रंजिश के चलते राकेश को गोली मारने का मामला दर्ज कराया है। सभी आरोपी अभी फरार हैं। उधर, पुलिस ने गोली मारने वाले बदमाशो की तलाश में सघन छापेमारी अभियान चलाकर कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिनसें पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार रात कस्बे के शक्ति रिसोर्ट होटल में आयोजित उद्योगपति सुरेन्द्र यादव की बेटी के शादी समारोह में रात करीब दस बजे हाथों में दो-दो पिस्टल लेकर आए दो बदमाशों ने पालिका उपाध्यक्ष राकेश शर्मा पर फायरिंग कर दी थी। हमले में शर्मा को दो गोली सिर व एक गोली पेट में लगी। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। मेदांता अस्पताल में मौजूद उनके परिचितों का कहना है कि अस्पताल के चिकित्सकोंद्वारा उनको ब्रेड डेड बताया जा रहा है। देर रात समाचार लिखे जाने तक राकेश वेंटीलेटर पर थे।
एसपी और एफएसएल टीम आई
मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकार और एफएसएल टीम बहरोड़ पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद एसपी ने डीएसपी जनेश तंवर, थाना प्रभारी भरत सिंह मीणा, सीआई मनोहर सिंह, एसआई हितेश शर्मा, दौलतराम, सुरेन्द्र मलिक, रामकिशन यादव, पवन चौबे, अजीत बड़सरा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा निर्देश दिए।
500 से अधिक लोग देखते रह गए
शादी समारोह में वारदात के दौरान 500 से अधिक लोग थे और हमलावर आसानी से गोली मारकर धीमे कदमों से चलते हुए फरार हो गए। किसी ने उनको रोकने की कोशिश नहीं की, जिससे पता चलता है कि लोगों में किस कदर भय था। जाते समय शादी के स्वागत द्वार पर फायर किया और वहां स्वागत के लिए खड़ी युवतियों से कहा कि फूल डालो और फिर आराम से चले गए।
चीकू गैंग से जुड़े हैं आरोपी
आरोपी विकास उर्फ मुन्ना और उसका भाई भीम दोनों चीकू गैंग से जुड़े हैं। जिससे यह सन्देह जताया जा रहा है कि उन्होंने हरियाणा के शूटर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया और और फिर फरार हो गए। राकेश पर हमला करने वाले दोनों बदमाशो को कोई नहीं पहचानता था। जिससे पता चलता है कि हमला करने के लिए उनका सहयोग कोई स्थानीय आदमी भी कर रहा था। यह जगह इसलिए चुनी की हाइवे के पास थी। यहां से हमला कर बदमाश आसानी से फरार हो गए। शहर में घिरने का डर था। पुलिस गत दिनो नीमराणा मे प्रोपर्टी विवाद को लेकर हुए झगड़े में पूर्व में राकेश को दी गई धमकी और हमले को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
रंजिश के चलते हुआ हमला
पालिका उपाध्यक्ष राकेश पर हमला करने के मामले में पता चला है कि पूर्व में भी आपसी रजिंश के चलते हमला हुआ था। जिसमे कुछ स्थानीय लोगों से विवाद था। पुलिस जांच में जुटी है। आरोपियों की तलाश मे पुलिस दल भेजे गए हैं।
-राहुल प्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर।
Published on:
27 Jun 2018 08:41 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
