
Demo Photo
बहरोड़, अलवर। पुलिस ने नेशनल हाइवे पर 17 जनवरी की रात को शव पटकने के मामले का खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका, उसकी मां व एक अन्य को गिरफ्तार किया है। इन्होंने टैक्सी चालक राहुल से पीछा छुड़ाने के लिए षड्यंत्र रचा और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। सबूत मिटाने के लिए उसके शव को हाइवे पर एक दुकान के बाहर पटक कर फरार हो गए थे। कोतवाली पुलिस ने बताया कि गांव कादमा चरखी दादरी हरियाणा निवासी टैक्सी चालक राहुल पुत्र बलबीर की हत्या के मामले में उसकी प्रेमिका कोमल, मां रेखा देवी व सहयोगी राजू उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया मृतक टैक्सी चालक अपनी प्रेमिका कोमल को साथ लेकर जाने के लिए उसकी मां रेखा देवी पर दबाव बना रहा था। इसके कारण वह 15 जनवरी को ही गुरुग्राम से बहरोड़ प्रेमिका कोमल की मां रेखा के कमरे पर आ गया था। राहुल को रास्ते से हटाने के लिए कोमल की मां रेखा व मां के की पहचान के राजू उर्फ राजकुमार ने मिलकर 17 जनवरी की रात को राहुल की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद चौराहे से सौ रुपए में ऑटो कर शव को हाईवे पर डीएसपी कार्यालय के समीप चादर बिछा कर शव को डाला और रजाई ढक दिया था। आरोपियों ने ऑटो चालक को राहुल के बीमार होने की बात कही थी।
पुलिस ने बताया मृतक टैक्सी चालक की प्रेमिका कोमल नीमराणा में दूसरे प्रेमी के साथ रहती थी। ऐसे में राहुल उसे अपने साथ ले जाने के लिए उसकी मां रेखा देवी पर लम्बे समय से दबाव बना रहा था। इसको लेकर राहुल व कोमल के साथ ही रेखा देवी की कुछ दिन पूर्व आपस में अनबन हो गई। ऐसे में पुराने प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए आरोपियों ने हत्या कर दी।
कोतवाली थानाधिकारी महेश तिवारी ने बताया कि मामले को लेकर थाना स्तर पर एक टीम का गठन किया गया। साइबर सेल हेड कांस्टेबल सन्दीप कुमार व कांस्टेबल ओमप्रकाश ने हाईवे पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों के आधार पर ऑटो रिक्शा की तलाश कर आरोपियों की पहचान की। आरोपियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक टैक्सी चालक व कोमल 3 साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इसके बाद करीब डेढ़ वर्ष से राहुल प्रेमिका कोमल के साथ नीमराणा में रहने लगा। जहां पर कोमल का अन्य व्यक्ति के साथ अफेयर हो गया। इसके कारण दोनों के बीच अनबन रहने लगी थी।
Updated on:
21 Jan 2025, 7:53 PM IST
Published on:
21 Jan 2025, 7:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.