
अलवर। जिले में अपराधी बेखौफ हैं। लगातार एक के बाद एक संगीन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। गुरुवार दिनदहाड़े तीन हथियारबंद बदमाशों ने भूगोर स्थित बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। बदमाश यहां 76 हजार 700 रुपए लूट ले गए। पुलिस की टीमें लुटेरों की तलाश में लगी हुई हैं, लेकिन फिलहाल पुलिस का लुटेरों के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना स्थित बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखा भूगोर में गुरुवार दोपहर 2.20 बजे तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और बैंक शाखा के अंदर घुसे। जिनमें से दो मुंह पर नकाब बांधा हुआ था तथा एक ने हेलमेट पहना हुआ था। तीनों बदमाशों के हाथ में पिस्टलनुमा हथियार थे। बदमाश हथियार का भय दिखाकर बैंक के कैश काउंटर से कैशियर के पास से 76 हजार 700 रुपए लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों के फरार होने के बाद बैंक अधिकारियों ने लूट की घटना की सूचना पुलिस दी। घटना की सूचना के बाद पुलिस नाकेबंदी कराई गई। जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमन लाल मीना, सीओ ग्रामीण अमित सिंह, सदर एसएचओ राजेश शर्मा और अरावली विहार एसएचओ जहीर अब्बास सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। बदमाशों के बारे में अभी पुलिस को काई सुराग नहीं लग सका है। घटना के सम्बन्ध में बैंक शाखा प्रबंधक रोजी कुमारी ने सदर थाने में एफआइआर दर्ज कराई है।
बैंक लुट गया और अधिकारी चाय की चुस्की लेते रहे
जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस कितनी गंभीर है। इसका अंदाजा गुरुवार को भूगोर में हुई बैंक डकैती की घटना के बाद देखने को मिला। तीन हथियारबंद बदमाश भूगोर के बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक को लूटकर ले गए। घटना के बाद जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी बदमाशों के बारे में छानबीन को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं दिखे। एक डीएसपी और दो एसएचओ बैंक परिसर में खड़े होकर चाय की चुस्की लेते नजर आए।
लूट की राशि में 46 हजार के फटे नोट
सदर थानाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की भूगोर शाखा में वारदात को अंजाम देते हुए 76 हजार 700 रुपए की राशि लूटी। जिनमें करीब 46 हजार रुपए के कटे-फटे नोट थे और करीब 30 हजार रुपए के नोट सही थे।
Published on:
04 Aug 2022 07:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
