
रोड पर भरा पानी: फोटो पत्रिका
अलवर। जिले में प्री मानसून की जोरदार एंट्री हुई है। पिछले सात दिन से उमसभरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को रविवार को हुई झमाझम बारिश ने राहत दी। डेढ़ घंटे में शहर में 20 मिमी पानी बरसा। हालांकि पहली बारिश ने ही निगम और प्रशासन की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। शहर में जगह-जगह पानी भर गया, जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में शनिवार रात से ही उमसभरी गर्मी का जोर रहा। सुबह बादल छाए रहे और उमस इतनी तेज थी कि लोग पसीना-पसीना हो गए। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे से अंधेरा छा गया और कुछ देर बाद तेज हवा के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। दोपहर 3 बजे से शाम 4.30 बजे तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद भी रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही।
प्री-मानसून की धमाकेदार एंट्री के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों तक बारिश का क्रम जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 19 जून तक तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 किमी से ज्यादा गति से हवा चलेगी। विभाग ने अलवर जिले में यलो अलर्ट जारी किया है। शहर का न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री से. दर्ज किया गया।
अलवर तहसील व कार्यालय में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। थानागाजी में 6, राजगढ़ में 14, सिलीसेढ़ में 8, जयसमंद में 7, सोड़ावास, कोटकासिम व मंगलसर 5 और बहरोड़ में 10 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
-बस स्टैंड के सामने वाले रोड पर पानी भरा। यहां लोगों को पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा
-गायत्री मंदिर रोड हर बार की तरह पानी से लबालब हो गया। यहां पानी निकासी के स्थाई इंतजाम नहीं हैं
-होप सर्कस से लेकर बजाजा बाजार तक सड़कों पर पानी भरा
-चूडी मार्केट में दुकानों तक में पानी आ गया। यहां हर साल बारिश में यही हाल होता है
-अंबेडकर सर्किल, एसएमडी सर्किल, सरकारी अस्पताल के सामने, आरआर सर्किल, अल्कापुरी सहित कई इलाकों में पानी भर गया
किसान खरीफ की बुवाई की तैयारी में जुटा है। पिछले दिनों आई बारिश के बाद ही किसानों ने खेतों की जुताई कर दी थी।कुछ ने बीज भी बोए थे। उन्हें इस बारिश से फायदा होगा। जिले में किसान ज्वार, बाजरा, तिल, मक्का आदि फसलों की बुवाई करेंगे। रविवार को होने वाली बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगी।
Updated on:
15 Jun 2025, 7:44 PM IST
Published on:
15 Jun 2025, 7:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.