
Alwar News: राजस्थान के अलवर जिले के किशनगढ़बास गोकशी मामले में पटवारी और कानूनगो को एपीओ किया गया है। वहीं इस मामले की जांच, एडीएम से करवाई जा रही है। इसके पहले पुलिस विभाग की ओर से किशनगढ़बास के पूरे थाने को लाइन हाजिर किया जा चुका है। इसके अलावा एक एईएन को भी एपीओ किया जा चुका है।
रूंध गिदावड़ा में गोकशी के मामले को लेकर पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई जारी रही। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में प्रशासन की ओर से गिदावड़ा में सरकारी जमीन पर अवैध रूप हो रही खेती को ट्रैक्टरों से नष्ट करने की कार्रवाई की गई। जिला कलक्टर ने मौका मुआयना किया और अधिकारियों को निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई चल रही है। वहीं अवैध बिजली कनेक्शन को लेकर निगम ने एईएन को एपीओ कर दिया है। क्षेत्र के रूंध गिदावड़ा में गोकशी का मामला सामने आने के बाद मंगलवार को तीसरे दिन भी प्रशासनिक व अन्य विभागों के अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ यहां पहुंचे।
यहां प्रशासन की ओर से गिदावड़ा में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बोई गई फसल को नष्ट कराने की कार्रवाई शुरू की गई। शाम तक यहां प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस जाप्ता ट्रैक्टर से फसल को नष्ट करने की कार्रवाई करते रहे। उल्लेखनीय है कि सोमवार को प्रशासन ने यहां अवैध रूप से निर्मित कच्चे-पक्के घरों पर बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया था। वहीं 80 बीघा जमीन पर बोई गई फसल को नष्ट किया गया था। बिजली के अवैध कनेक्शन व ट्रांसफॉर्मर हटाए गए थे।
जिला कलक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को रुंध गिदावडा में बीहड का गोकशी मामले में मौका मुआयना किया। इस दौरान एडीएम सुरेंद्र सिंह यादव, एसडीएम कोटकासिम रामकिशोर मीणा, सीओ किशनगढबास सुरेश कुडी, तहसीलदार भंवर सिंह, विद्युत निगम के एसई सुधीर कुमार आदि अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला कलक्टर ने गोकशी के मामले में एडीएम के निर्देशन में उच्च स्तरीय जांच कर संबंधित विभागों को सम्मिलित करते हुए तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। तहसीलदार व पटवारी से राजस्व विभाग की जमीन की जानकारी प्राप्त कर अतिक्रमण ध्वस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग के एसई से दिए गए बिजली कनेक्शन की जानकारी मांगी। पुलिस ने गोवंश की तलाश में ड्रोन कैमरे से सर्वे कराया।
इन्हें किया गिरफ्तार
सीओ सुरेश कुड़ी ने बताया कि गोकशी मामले में सर्च अभियान जारी है। अब तक 50 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई है। बिरसंगपुर निवासी रती खान पुत्र कल्लू, सलीम पुत्र अयूब, मौसम पुत्र जोरमल, कासम पुत्र फजरू व असलम पुत्र खुर्शीद को गिरफ्तार किया है।
पहुंचे प्रतिपक्ष नेता व भाजपाई
कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गोकशी मामले में रूंध गिदावडा का दौरा किया। रेंज आईजी उमेश चंद्र दत्ता व कलक्टर अर्तिका शुक्ला से फोन पर वार्ता कर कहा कि दोषी बचना नहीं चाहिए और निर्दोष फंसना नहीं चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि गोकशी में जिस भी कर्मचारी -अधिकारी की संलिप्तता है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान विधायक दीपचंद खैरिया, पीसीसी सचिव बलराम यादव, प्रधान बीपी सुमन आदि मौजूद थे। इधर, पूर्व विधायक रामहेत यादव सहित अन्य भाजपा नेता मौके पर पहुंच गोकशी को लेकर नाराजगी जताई।
22 आरोपी नामजद
गोकशी के मामले में पुलिस ने धारा 3, 4, 5, 8 व 9 आरबीए में एफआईआर दर्ज की। एफआईआर में 22 आरोपियों को नामजद किया गया है।
आरोपियों के खिलाफ भी दर्ज हैं प्रकरण
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रत्ती खान निवासी नयाबास बिरसंगपुर के खिलाफ किशनगढ़बास थाने में आरबीए व एक्साइज के दो प्रकरण दर्ज है। आरोपी मौसम निवासी बिरसंगपुर के खिलाफ मारपीट आदि का एक मामला दर्ज है। आरोपी आलिम के खिलाफ आरबीए एक्ट में एक, आर्म्स एक्ट में एक, बहरोड़ थाने में आरबीए एक्ट में एक तथा हरसोरा थाने में आरबीए एक्ट में एक प्रकरण दर्ज है। आरोपी असलम किे खिलाफ किशनगढ़बास थाने में आरबीए एक्ट में एक मामला दर्ज है।
Updated on:
21 Feb 2024, 2:47 PM IST
Published on:
21 Feb 2024, 2:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.