ज्योति शर्मा
पत्रिका न्यूज नेटवर्क/अलवर। आज मैं जहां हूं, जो कुछ भी हूं। उसके पीछे मेरी मां का हाथ है। यह वही हैं, जिन्होंने कभी मुझे कमजोर नहीं पड़ने दिया। वे खुद कभी कमजोर नहीं पड़ीं। कभी परिस्थितियों से हारी नहीं। मेरी मां ने दिन-रात मेहनत-मजदूरी करके मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया है। यह कहना है अलवर के पैरा ओलंपिक खिलाड़ी सुनील साहू का, जिन्होंने दिव्यांग होने के बावजूद कई पदक जीते। उनका कहना है, 2012 में उनके बड़े भाई का देहांत हो गया। इतना ही नहीं एक साल बाद 2013 में उनका एक्सीडेंट हो गया। इसी साल पापा का देहांत हो गया। उसके कुछ ही समय बाद बड़ी बहन का देहांत भी हो गया। उस दौर में वह पूरी तरह से टूट चुके थे। लेकिन दुखों का पहाड़ टूटने के बाद भी उनकी मां ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने एक बार फिर से मुझे यही शिक्षा देकर मजबूत बनाया कि हारने और हार मान लेने में बहुत बड़ा अंतर होता है। उन्होंने ही मुझमें साहस भरा।