278 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक दिवसीय दौरे पर सियासी गर्मी पर कोई बात नहीं कर जिलावासियों को 278 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। अलवर और टपूकड़ा में जनसभा के दौरान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार रिपीट होने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना क्रांति एवं विकास की दौड़ में प्रदेश अव्वल बनाने का कार्य किया है। पांच साल में प्रदेश में 85 तहसील, 125 उप तहसील, 19 जिले और तीन संभाग खोले हैं। इससे प्रशासनिक कार्यों की गति तेज हो सकेगी।
मत्स्य विश्वविद्यालय के नए भवन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मिनी सचिवालय व मत्स्य विश्वविद्यालय के नए भवन को जनता को समर्पित कर दिया। इन कामों पर 278 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। उन्होंने कहा पिछली सरकारों का विश्वास काम रोकने में रहा है लेकिन हम काम आगे बढ़ाते हैं। काम रोकने से प्रोजेक्ट महंगे होते जाते हैं। सीएम अशोक गहलोत ने मिनी सचिवालय स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया।