
Ambedkar Nagar BJP
अंबेडकर नगर. यूपी नगर निकाय चुनाव में टिकट को लेकर काफी दिनों से चल रही रस्साकसी अब आपसी मारपीट में बदलती जा रही है। जिले में अध्यक्ष से लेकर सदस्य के पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में काफी खींचतान कई दिनों से चल रहा था कि इसी बीच अंतिम समय में जब लखनऊ से सदस्यों की सूची का ऐलान किया गया तो कार्यकर्ताओं में टिकट को लेकर घमासान शुरू हो गया। टांडा में नगर भाजपा कमेटी में गुटबाजी चरम सीमा पार कर चुकी है। भाजपा नगर महामंत्री व युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच नगर निकाय चुनाव की पहली बैठक से पहले ही जमकर मारपीट हुई, जिसमें युवा मोर्चा के कार्यकर्ता का सिर फूट गया और कई जगह चोटें आईं। अलीगंज थाना पुलिस ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण करा कर अपराध पंजीकृत कर लिया है।
इस तरह शुरू हुआ मतभेद और बाद में जमकर हुआ संघर्ष
विधानसभा चुनाव में टांडा क्षेत्र से जीत का स्वाद चख चुकी भाजपा टांडा की नगर पालिका में भी में कमल खिलाने के लिए संगठन ने प्रत्याशी चयन के लिए एक चयन समिति का गठन किया था, लेकिन नगर अध्यक्ष व उनके कुछ खास लोगों द्वारा बिना चयन समिति की सहमति लिए सभासद पद के प्रत्याशियों की सूची को अनुमोदन के लिए प्रदेश मुख्यालय भेज दिया गया था। जानकारी के अनुसार बाद में वरिष्ठ नेताओं के दबाव में चयन समिति की बैठक बुलाई गई, जिसमें नगर अध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेता सम्मलित हुए। वार्ड संख्या 11 कस्बा उत्तरी से भाजपा नगर महामंत्री दिनेश मौर्य को चुनाव लडऩे के लिए अधिकृत किया गया और भाजपा द्वारा जारी की गई प्रत्याशियों की सूची में वार्ड संख्या 11 से प्रिंस राय का नाम घोषित किया गया। इसको लेकर सुबह से ही दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई थी, जो शाम तक मारपीट व बवाल में तब्दील हो गई।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की तरफ से बुलाई गई बैठक में शुरू हुआ बवाल
टांडा के लिए भाजपा ने वरिष्ठ नेता घिसियावन मौर्य की पत्नी प्रभावती मौर्य को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है। रविवार की शाम रोडवेज के सामने पहली बैठक आयोजित की गई थी। बैठक शुरू होने से पहले ही नगर महामंत्री दिनेश मौर्य व नगर अध्यक्ष के भतीजे व भाजपा युवा मोर्चा के नेता अरुण गुप्ता के बीच टिकट बंटवारे को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। किसी तरह लोगों ने दोनों पक्षों को रोका। मारपीट में अरुण गुप्ता का सिर फूट गया। घायल अरुण कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घायल अरुण गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रकरण सत्ताधारी पार्टी का होने के कारण पुलिस हर कदम फूंक-फूंक कर उठा रही है।
Published on:
5 Nov 2017, 9:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.