
Congress MLA's
अंबिकापुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सीतापुर पहुंचे। उन्होंने यहां के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में किसान व आदिवासी सम्मेलन को संबोधित किया। सभास्थल पर जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, वहीं इस दौरान भारी अव्यवस्था भी देखी गई। कांग्रेसी विधायकों को बैठने के लिए कुर्सी तक नहीं दी गई।
ऐसे में सामरी विधायक, रामानुजगंज विधायक, भटगांव विधायक, लुंड्रा विधायक व पूर्व मंत्री पत्रकार दीर्घा के बगल में जमीन पर बैठे नजर आए। वे यहां बैठकर राहुल गांधी के सभा में आने का इंतजार कर रहे थे। जबकि सीतापुर विधायक को मंच पर जगह दी गई। इधर जमीन पर बैठा देख विधायकों के समर्थकों ने नारे लगाए।
राहुल गांधी की सभा में शामिल होने आए कांग्रेसी विधायकों को कुर्सी के लिए भी मशक्कत करनी पड़ी। अव्यवस्था का आलम यह था कि उन्हें जमीन पर बैठकर राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा का इंतजार करना पड़ा। इस बीच जब मीडियाकर्मियों की नजर उनपर पड़ी तो वे उनकी फोटो खींचने लगे। यह देखकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विधायकों के पास पहुंचे।
उन्होंने सामरी विधायक डॉ. प्रीतम राम, भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े, रामानुजगंज विधायक वृहस्पति सिंह, लुंड्रा विधायक चिंतामणी महाराज व पूर्व मंत्री डॉ. पे्रमसाय सिंह से कहा कि वे कुर्सी पर बैठें। इस पर विधायकों ने कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं के लिए कुर्सियां छोड़ी हैं। यदि कार्यकर्ता उसपर बैठते हैं तो उन्हें खुशी ही होगी।
इस दौरान तीनों विधायक शालीनता से नाराजगी व्यक्त करते नजर आए। इधर राहुल गांधी की सभा में प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल , नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव व सीतापुर विधायक अमरजीत भगत मंच पर नजर आए।
राहुल गांधी की सभा में सरगुजा सहित अन्य जिले से काफी संख्या में कार्यकर्ता व महिला-पुरुष समर्थक सभास्थल पर पहुंचे थे। राहुल गांधी की सभा में करीब 10 हजार लोगों की भीड़ जुटी थी।
हेलीपैड पर उतरा चौपर
इधर 1.30 बजे राहुल गांधी का चौपर सीतापुर स्थित पेट्रोल पंप के पीछे बने हेलीपैड पर उतरा। यहां कांग्रेसी पदाधिकारियों द्वारा स्वागत के बाद वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। यहां लंच करने के बाद वे किसान व आदिवासी सम्मेलन में पहुंचे।
Published on:
17 May 2018 04:31 pm

बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
