15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मैनपाट का शिक्षाकर्मी दुल्हा पहुंचा हड़ताल में, भाषण दिया और जमकर लगाए नारे- देखें Video

शिक्षाकर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल का समर्थन करने शादी के दिन भी शरीक हुआ प्रदर्शन में, पहन रखी थी दुल्हे की ड्रेस

3 min read
Google source verification
Groom in strike

Shikskakarmi Kamlesh Singh

अम्बिकापुर। शिक्षाकर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल के चौथे दिन सीतापुर के शिक्षाकर्मियों के समक्ष उस समय रोमांचक स्थिति उत्पन्न हो गई जब शिक्षक मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी कमलेश सिंह अपनी बारात के साथ धरनास्थल पर पहुंच गए। दरअसल शिक्षाकर्मी कमलेश सिंह की बारात गुरुवार को मैनपाट से कोरबा के लिए रवाना हुई थी।

रास्ते में कमलेश ने बारात रूकवाई और सीतापुर में शिक्षाकर्मियों के आंदोलन में शामिल होकर मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब तक मांग पूरी नही हो जाती, तब तक सभी साथी हड़ताल मे सम्मिलित रहेंगे। किसी भी स्थिति मे हमारा आंदोलन कमजोर नहीं होगा।

इसके बाद कमलेश बारात के साथ कोरबा के लिए रवाना हो गए। धरनास्थल पर दुल्हे के ड्रेस में बैठे कमलेश की फोटो और यह नजारा सोशल मीडिया पर छाया रहा।


गौरतलब है कि २० नवंबर से संविलियन व क्रमोन्नति पदोन्नति सहित ७ वें वेतनमान की मांग को लेकर व स्कूलों का बहिष्कार कर शिक्षक पंचायत हड़ताल पर हैं। गुरुवार को हड़ताल का चौथा दिन था। मैनपाट निवासी शिक्षाकर्मी कमलेश सिंह की गुरुवार को शादी होनी है। बारात घर से दोपहर में कोरबा के लिए निकली।

जब बारात सरगुजा जिले के सीतापुर में पहुंची तो कमलेश ने बारात रुकवा दी और शिक्षाकर्मियों की हड़ताल में शामिल हो गए। दुल्हे के ड्रेस में जब वे अपने साथियों के साथ बैठे तो सभी ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान कमलेश सिंह ने भी जोरदार भाषण देकर हड़ताली साथियों का उत्साहवर्धन किया। दुल्हे का हड़ताल पर पहुंचना सभी को रोमांचित कर गया।

इसकी वीडियो भी लेागों ने बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया रहा। हड़ताल स्थल पर कुछ समय बिताने के बाद वे बारात लेकर निकल गए। दुल्हे का यह जज्बा देख हड़ताली शिक्षाकर्मियों ने भी फक्र महसूस किया।


किया सुंदरकांड का पाठ, विधायक व महापौर भी पहुंचे समर्थन में
हड़ताली शिक्षाकर्मियों को सरकार द्वारा ३ दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। लेकिन चौथे दिन भी शिक्षाकर्मी हड़ताल पर डटे रहे। सरकार द्वारा अल्टीमेटम जारी करने के बाद गुरुवार को अम्बिकापुर में शिक्षाकर्मियों ने धरनास्थल पर सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए सुन्दर कांड का पाठ कर भगवान से कामना की।

धरनास्थल पर कांग्रेसियों ने पहुंच शिक्षाकर्मियों के हड़ताल का समर्थन किया। सीतापुर विधायक अमरजीत भगत ने धरनास्थल पर पहुंच शिक्षाकर्मियों के मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आएगी तो उनके सभी जायज मांगों को पूरा किया जाएगा।

इसी के साथ ही महापौर डॉ अजय तिर्की, बालकृष्ण पाठक, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता ने धरना स्थल पहुंच शिक्षाकर्मियों के मांगों का समर्थन किया। सरगुजा जिला संचालक सर्वजीत पाठक ने कहा कि अब तक सरकार द्वारा शिक्षाकर्मियों के मांगों पर निर्णय लेने हेतु 22 कमेटियां बनाई जा चुकी है।

लेकिन समान काम समान वेतन व मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। एक बार फिर से सरकार कमेटी गठन करने की बात कह रही है। इससे सभी शिक्षाकर्मी नाराज होकर हड़ताल पर चले गए हैं।


कलक्टर ने मैनपाट के स्कूलों में ली क्लास
कलक्टर किरण कौशल गुरुवार की सुबह-सुबह मैनपाट जनपंद पंचायत के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक स्कूल व एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पहुंचकर आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रेरक सरिता कुशवाहा को बुलवाकर बच्चों को पढ़वाया। इसके बाद उन्होंने खुद भी बच्चों का क्लास ली।

इस दौरान उन्होंने शिक्षाकर्मियों के हड़ताल के मद्देनजर स्कूल के प्रधान पाठक को ज्यादा से हिन्दी निबंध लिखवाने के निर्देश दिए। कलक्टर ने बच्चों को पहाड़ा पढ़ाने के साथ ही अंग्रेजी के शब्दों को बताया। इसके बाद आदर्श एकलव्य विद्यालय पहुंच वहां भी बच्चों को पढ़ाया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में बन रहे मध्यान्ह भोजन की भी मॉनीटरिंग की।

इस दौरान उनके साथ डीएफओ प्रियंका पाण्डेय, डीईओ संजय गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे। प्रशासन ने जिले में शिक्षा व्यवस्था को बनाए रखने पूरी ताकत झोंक दी है। स्कूलों के संचालन में प्रेरकों, बीएड, डीएड प्रशिक्षणर्थियों के साथ ही १२ वीं पास विद्यार्थियों व छात्र संघ के पदाधिकारियों का भी सहयोग लिया जा रहा है।