
अंबिकापुर/रामानुजनगर. सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में लंबे समय से जुआ खिलाए जाने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। आईजी के मार्गदर्शन सरगुजा व सूरजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार की ढलती शाम यहां के ग्राम पस्ता-पंडोपारा नर्सरी में चल रहे जुए के फड़ पर छापा मारा। इस दौरान कई जुआरी भाग निकले लेकिन पुलिस ने 4 जुआरियों को दौड़ाकर धरदबोचा।
जुआरियों में एक आरक्षक भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 लाख 16 हजार 40 रुपए जब्त किया है। पत्रिका को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि जुआरियों के गिरोह को सफेदपोश नेताओं व कुछ पुलिस अधिकारियों की शह भी मिली है।
पकड़े गए जुआरी
स्पेशल टीम द्वारा पकड़े गए जुआरियों में बैकुंठपुर निवासी पप्पू गुप्ता पिता चंद्रिका गुप्ता 33 वर्ष, सूरजपुर जिले के नया बाजारपारा निवासी रामचरण अग्रवाल पिता गिरधारीलाल अग्रवाल 40 वर्ष, कोरिया जिले के पटना थानांतर्गत ग्राम कुड़ेली निवासी बसंतलाल पिता दुलार साय 25 वर्ष तथा बैकुंठपुर में पदस्थ आरक्षक पंकज सिंह पिता राजेंद्र प्रसाद सिंह 38 वर्ष शामिल हैं।
नेताओं व पुलिस की शह पर चल रहा था जुआ!
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस पूरे प्रकरण में जुआरियों का साथ कुछ सफेदपोश एवं कई खाकीधारी दे रहे थे। पत्रिका को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि ये अंतरराज्यीय जुआ गिरोह सूरजपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अलग-अलग जगह जुआ खेलते थे। बताया जा रहा है कि जुआ खेलाने वाले संबंधित थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मियों, कुछ नेताओं से लेकर सूरजपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक हर दिन का पैसा पहुंचाते थे। इस बदनुमा दाग के छींटे सूरजपुर पुलिस की विशेष गठित टीमों पर भी नजर आ रहे हैं।