
अंबिकापुर. Girl raped: एक युवक ने युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती की। दोनों के बीच बातचीत के दौरान युवक ने उससे कहा कि वह उससे शादी करेगा। झांसे में लेकर उसने युवती से बलात्कार किया। युवती जब गर्भवती हो गई तो युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया था। पीडि़ता ने मामले की रिपोर्ट लुण्ड्रा थाने में दर्ज कराई थी। पीडि़ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि एक वर्ष पूर्व एक युवती की दोस्ती लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंधा निवासी युकेश मुंडा से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोस्ती होने के बाद दोनों के बीच मोबाइल के माध्यम से बातचीत शुरू हो गई।
अक्टूबर 2023 में युवक लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत उदारी मोड़ के पास युवती से मिला और कहा कि वह उससे प्यार करता है और शादी करना चाहता है। युवती को झांसे में लेकर युवक ने उसी दिन करचा डांड़पारा स्कूल के पास उससे बलात्कार किया। इसके बाद युवक ने उससे कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
जब युवती गर्भवती हो गई तो युवक उसे अपने घर ले गया। यहां करीब 2 सप्ताह तक वह युवक के घर पर ही रही। इस दौरान माता-पिता के कहने पर युवक ने युवती को उसके घर छोड़ दिया।
साथ रखने से किया इनकार
युवती ने गर्भवती होने की जानकारी युवक को दी और उसे अपने साथ रखने कहा। इस दौरान युवक ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया और मोबाइल भी स्वीच ऑफ कर दिया।
पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
युवक द्वारा शादी करने से इनकार करने पर युवती ने इसी महीने लुण्ड्रा थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीडि़ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 376(2) (ढ) के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
Updated on:
28 Mar 2024, 9:17 AM IST
Published on:
27 Mar 2024, 10:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.