
Dead body
अंबिकापुर. कृष्ण जन्माष्टमी के दिन अपनी मां के साथ रिश्तेदार के घर पर रुके कृष्णा नाम के युवक ने सोमवार की शाम कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान सभी पूजा की तैयारियों में जुटे हुए थे। कृष्णा चार दिन पूर्व अपनी मां के साथ रिश्तेदार के घर कल्याणपुर आया था।
कमरे से काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो घरवालों को आशंका हुई। जब उन्होंने खिड़की से देखा तो रोंगटे खड़े हो गए। फिर दरवाजा तोड़कर उसे फांसी के फंदे से उतारा और मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या का कारण अज्ञात है।
सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम बासेन निवासी 24 वर्षीय कृष्णा सदावर्ती पिता जदुमणि सदावर्ती ३१ अगस्त को अपनी मां के साथ रिश्तेदारी में सूरजपुर जिले के ग्राम कल्याणपुर आया था। जन्माष्टमी के अवसर पर सोमवार को रिश्तेदार के घर में कार्यक्रम चल रहा था। शाम ७ बजे सभी पूजा की तैयारियों में जुटे हुए थे।
इसी दौरान कृष्णा अचानक कमरे में घुसा और भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो घरवालों को शंका हुई। उन्होंने उसे आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उन्होंने खिड़की से देखा तो वह फांसी के फंदे पर लटक रहा था।
आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर सभी भीतर घुसे और फंदे से उतारकर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा व पीएम पश्चात मंगलवार को उसका शव परिजन को सौंप दिया।
आत्महत्या का कारण अज्ञात, सदमे में परिजन
युवक ने किस कारण से आत्महत्या की, इसका पता नहीं चल सका है। वहीं युवक की मौत से माता-पिता समेत अन्य परिजन सदमे में हैं। वहीं कृष्ण जन्माष्टमी की खुशियां भी मातम में बदल गईं।
Published on:
04 Sept 2018 07:47 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
