
Live accident captured in CCTV camera
अंबिकापुर. Live accident video: एक सेकेंड की देरी से भी किसी की जान बच सकती है। यह वाक्या अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाइवे पर शनिवार की सुबह देखने को मिला। दरअसल सीतापुर के ग्राम सूर से गुजरी नेशनल हाइवे पर एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। घटनास्थल के पास ही एक युवक अपनी बाइक पर बैठकर जाने की तैयारी कर रहा था। यदि वह एक कदम भी आगे बढ़ गया होता तो उसकी जान जा सकती थी। बोलेरो के पलटने से वहां खड़ी कुछ बाइक व साइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि बोलेरो चालक घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाइवे पर सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूर में शनिवार की सुबह 8 बजकर 4 मिनट पर एक युवक सडक़ किनारे स्थित जेएसके मोबाइल दुकान से बाहर निकला और अपनी बाइक पर बैठ गया।
वह बाइक स्टार्ट कर जाने ही वाला था कि तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो क्रमांक सीजी 15 डीजेड- 2736 उसके करीब से गुजरते हुए पलट गई। हादसे में युवक बाल-बाल बच गया।
यदि वह बाइक स्टार्ट कर थोड़ा आगे बढ़ा होता तो उसकी जान जा सकती थी। इधर बोलेरो की चपेट में आकर दुकान के पास खड़ी कुछ बाइक व साइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं।
गनीमत थी कि कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया। हादसे में बोलेरो का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बोलेरो पलटने के बाद दुकान में बैठे व मुख्य मार्ग से गुजर रहे लोगों ने ड्राइवर को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में भर्ती कराया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
तेज रफ्तार बोलेरो पलटने की घटना वहां के दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसे में बाल-बाल बचे युवक ने इसके लिए भगवान को धन्यवाद दिया।
हादसे के बाद काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बताया जा रहा है कि वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन नेशनल हाइवे पर हादसे हो रहे हैं।
Updated on:
30 Sep 2023, 9:05 PM IST
Published on:
30 Sep 2023, 9:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.