अंबिकापुर. Murder in city: शहर के कंपनी बाजार में गुरुवार की शाम झारखंड के दो पिकअप चालक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक पिकअप चालक ने दूसरे की गर्दन पर मुक्का मार दिया। इससे वह अचेत होकर गिर गया। बेहोशी की हालत में देख हड़बड़ाया पिकअप चालक उसे इलाज के लिए शहर के होलीक्रॉस हॉस्पिटल ले गया। यहां डॉक्टरों ने जांच पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही आरोपी पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच की। मारपीट की वारदात घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।