
Girl molesting
अंबिकापुर. 11वीं कक्षा की छात्रा ने उसी के स्कूल के एक शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। आरोपी शिक्षक ने पहले तो छात्रा को यह कहा कि उसका प्रैक्टिकल परीक्षा ठीक नहीं गया है, इसलिए कम नंबर आ सकते हैं। जब छात्रा डर गई तो शिक्षक ने उसे कोचिंग देने के बहाने अपने घर पर बुलाया। यहां शिक्षक ने छात्रा के साथ बुरी नियत से छेड़छाड़ शुरु कर दी।
शिक्षक का यह रूप देख छात्रा चिल्लाने लगी और भागती हुई बाहर निकली। उसने घर जाकर अपने परिजनों को यह जानकारी दी। इसके बाद उसने मामले की शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
नगर के अंबेडकर चौक इलाके में स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 11 वीं में पढऩे वाली छात्रा मंगलवार को प्रैक्टिकल परीक्षा देने गई थी। यहां पदस्थ शिक्षक इनायत खान सभी छात्र-छात्राओं की प्रैक्टिकल परीक्षा ले रहे थे। प्रैक्टिकल परीक्षा खत्म होने के बाद शिक्षक ने छात्रा से कहा कि तुम्हारा प्रैक्टिकल अच्छा नहीं गया है। इस कारण से इस विषय में तुम्हे कम नंबर मिलेगा।
कम नंबर पाने के डर से छात्रा घबरा गई। इसके बाद शिक्षक ने पीडि़ता को अपने झांसे में फंसाने के लिए कोचिंग देने का हवाला दिया। परीक्षा में फेल होने के डर से छात्रा शिक्षक के झांसे में आ गई। आरोपी शिक्षक ने पीडि़ता को कोचिंग देने के लिए अपने घर पर बुलाया। जब पीडि़ता शिक्षक के घर पर गई तो आरोपी वहां अकेला था। पीडि़ता को कुछ देर पढ़ाने के बाद शिक्षक उसे बुरी नियत से घूरने लगा।
देखते ही देखते वह छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने लगा और धमकी देने लगा कि यदि वह शोर करेगी तो वह उसे परीक्षा में फेल कर देगा। इसके बाद पीडि़ता जैसे-तैसे उसकी चंगुल से छूट कर भागती हुई बाहर निकली और मामले की जानकारी आस-पास के लोगों को दी। इसके बाद छात्रा घर पहुंची और अपने माता-पिता को शिक्षक की घिनौनी करतूत बताई।
इसके बाद परिजनों के साथ पीडि़ता गांधीनगर थाने पहुंची और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक इनायत खान के खिलाफ धारा 354 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
Published on:
22 Feb 2018, 1:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.