अंबिकापुर. CG Health Minister: नियमितीकरण की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ ने शनिवार को एक बार फिर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के निवास का घेराव किया। दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी स्टेट बैंक कलेक्ट्रेट शाखा के सामने धरना स्थल से शहर में रैली निकालकर स्वास्थ्य मंत्री के निवास स्थान तपस्या पहुंचे थे। स्वास्थ्य मंत्री के निवास स्थान को घेरकर कर्मचारियों ने ‘नियमितीकरण कब होगा’ का जवाब मांगा। इस दौरान टीएस ने कहा कि आप लोगों को न्याय मुख्यमंत्री से मिल पाएगा। हम लोग खुद ही किनारे में है, आप लोग भी जानते हैं। हम आपकी बात मुख्यमंत्री तक रख सकते है, इससे ज्यादा मेरी हैसियत नहीं हैं। कर्मचारियों के घेराव की पूर्व सूचना से ही भारी संख्या में पुलिस स्वास्थ्य मंत्री के निवास स्थान के सामने लगी हुई थी।