अंबिकापुर. बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कटई पतरा में गुरुवार की देर रात 3 बजे बॉक्साइट लोड करने जा रहा ट्रक सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा। हादसे में मकान की दीवार गिरने से पति-पत्नी व उनके 2 मासूम बच्चे दब गए। समय रहते पति ने दोनों बच्चों के ऊपर गिर रही दीवार को थाम लिया, अन्यथा एक बड़ी घटना हो सकती थी। रात में ही पड़ोसियों की मदद से चारों को मलबे से बाहर निकाला गया। सभी को कुसमी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया।