
ट्रंपः राष्ट्रपति चुनाव में एफबीआई ने रची थी साजिश
वाशिंगटनः अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया है कि एफबीआई के अधिकारी राष्ट्रपति चुनाव के वक्त मेरे खिलाफ षडयंत्र रच रहे थे। उन्होंने कहा कि इस षडयंत्र में पूर्व एफबीआई निदेशक जेम्स कॉमी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ट्रंप ने कहा कि जेम्स कॉमी ने हिलेरी क्लिंटन का पक्ष लेते हुए राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करने का भी प्रयास किया। राष्ट्रपति ट्रंप का यह बयान उस रिपोर्ट के बाद सामने आया है जिसमें कहा गया है कि एफबीआई को जांच के दौरान ट्रंप के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पूर्व निदेशक जेम्स कॉमी ने हिलेरी क्लिंटन द्वारा एक निजी ईमेल सर्वर का इस्तेमाल करने के मामले की जांच में प्रोटोकॉल का पालन भी नहीं किया।
ये भी पढ़ेंः एफबीआई जांच से सामने आएगा सच: ट्रंप
500 पृष्ठों की रिपोर्ट में जेम्स कॉमी की आलोचना
न्याय विभाग की तरफ से जारी रिपोर्ट में एफबीआई के पूर्व निदेशक जेम्स कॉमी की आलोचना की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एफबीआई के अधिकारी डोनाल्ड ट्रंप को नुकसान पहुंचाने की सोच रहे थे लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया। बता दें कि न्याय विभाग और ‘ऑफिस ऑफ द इंस्पेक्टर जनरल’ ने गुरुवार को 500 पृष्ठों की एक रिपोर्ट जारी की थी। रिपोर्ट में हिलेरी क्लिंटन द्वारा लगाए ट्रंप पर आरोपों का भी जिक्र है। इस रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप पर लगे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं निकली जिसमें कहा गया था कि राष्ट्रपति चुनाव में एफबीआई का गलत इस्तेमाल हुआ है। रिपोर्ट जारी करते हुए माइकल होरोविज ने कहा है कि कॉमी ने हिलेरी की ईमेल की जांच कार्य में विभागीय नियमों को तोड़ा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच में कॉमी ने एफबीआई के आधिकारिक कामकाज के लिए एक निजी ईमेल अकाउंट का भी इस्तेमाल किया है। इस रिपोर्ट के जारी होने से ट्रंप ने राहत की सांस ली है।
Published on:
15 Jun 2018 09:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
