
नई दिल्ली।
भारत में अमरीका के अगले राजदूत के तौर पर नामित एरिक गार्सेटी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। एरिक लॉस एंजिलिस के मेयर हैं और इन दिनों ग्लासगो में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन में भाग लेने आए हैं।
एरिक गार्सेटी के कार्यालय ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी घोषणा की। जानकारों के मुताबिक, मेयर एरिक बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। उनका वैक्सिनेशन हो चुका है, फिर भी वे संक्रमित हो गए।
लॉस एंजिलिस के 42वें मेयर के कार्यालय ने ट्वीट किया, मेयर गार्सेटी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। हालांकि, उनकी तबीयत ठीक है और वह होटल में आइसोलेशन में हैं। उनका टीकाकरण हो चुका है।
कैलिफोर्निया के सबसे बड़े शहर और अमरीका के दूसरे सबसे बड़े शहर के मेयर एरिक के कार्यालय ने इस संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं दी है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट में बताया कि 50 वर्षीय मेयर स्कॉटलैंड के ग्लासगो में बुधवार को संक्रमित पाए गए। वह ग्लासगो में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में भाग ले रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट में गार्सेटी के प्रवक्ता एलेक्स कोमिसर के हवाले से बताया कि मेयर इस समय ग्लासगो में होटल के अपने कमरे में आइसोलेशन में रह रहे हैं और उनमें बीमारी के मामूली लक्षण हैं। गार्सेटी सम्मेलन के दौरान रोजाना रैपिड एंटीजन जांच कर रहे थे, जिनमें वह संक्रमित नहीं पाए गए थे। उन्होंने गुरुवार को घर लौटने से पहले मंगलवार को पीसीआर जांच कराई, जिसके बाद उनके बुधवार सुबह संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
रिपोर्ट में व्हाइट हाउस के प्रतिनिधि के हवाले से बताया कि अमरीका के राष्ट्रपति जो बिडेन भी जलवायु सम्मेलन में शामिल हुए थे, लेकिन उनके और गार्सेटी के बीच इस दौरान बातचीत नहीं हुई। ब्रिटेन की अध्यक्षता में ग्लासगो में 31 अक्टूबर से COP-26 का आयोजन किया जा रहा है और उसका समापन 12 नवंबर को होगा। ब्रिटेन ने इस आयोजन के लिए इटली के साथ साझेदारी की है।
बाइडन ने जुलाई में गार्सेटी को भारत का राजदूत नामित किया था. गार्सेटी 2013 से लॉस एंजिलिस के मेयर है. यदि सीनेट गार्सेटी के नाम की पुष्टि कर देती है, तो वह केनेथ जेस्टर का स्थान लेंगे, जिन्हें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में भारत में अमेरिका का राजदूत नामित किया गया था.
Published on:
4 Nov 2021, 4:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.