काराकस। वेनेजुएला के अधिकारियों ने ड्रोन का प्रयोग कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के कथित हत्या के प्रयास के पीछे के मास्टरमाइंड की पहचान कर ली है। एक शीर्ष अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अटॉर्नी जनरल तारेक विलियम साब ने कहा कि चार अगस्त को हुई घटना की जारी जांच में उस जगह की पहचान कर ली गई है जहां से ड्रोन उड़ाए जा रहे थे और उसके साथ ही दो ड्रोन पायलटों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। साब ने कहा, "हमें उस जगह का भी पता चल गया है, जहां वे हमले के पहले रुके थे। जिन लोगों ने विस्फोटक बनाए और हथियार तैयार किए उनकी पहचान कर ली गई है। उनके अंतरराष्ट्रीय संबंध हैं।"