7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमरीका में ट्रंप की अप्रवासी नीति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, कानून रद्द करने की मांग

अमरीका के कई शहरों में अप्रवासी नीति (जीरो टॉलरेंस ) का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।

2 min read
Google source verification
Protest

अमरीका में ट्रंप की अप्रवासी नीति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, कानून रद्द करने की मांग

वाशिंगटनः राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अमरीका में विरोध तेज हो गया है। देश के कई शहरों से हजारों की संख्या में लोग राष्ट्रपति ट्रंप की विवादित अप्रवासी नीति (जीरो टॉलरेंस )का विरोध करते हुए सड़कों पर उतर आए। इन प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप के खिलाफ नारेबाजी की। ये प्रदर्शन ट्रंप की अप्रवासी नीति नीति के लागू होने के लगभग दो महीने बाद हो रहे हैं। इस नीति के तहत अमरीका-मेक्सिको सीमा पर अवैध रूप से दाखिल हुए प्रवासियों के बच्चों को उनसे अलग किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को मुख्य रैली वाशिंगटन में हई लेकिन न्यूयॉर्क, फिलाडेल्फिया, शिकागो, मिलवॉकी, डेनवर, मियामी, सेंट लुइस, सैन फ्रांसिस्को और लॉस एंजेलिस जैसे कई शहरों में बड़ी तादाद में लोगों ने प्रदर्शन किए और रैलियां निकाली।

प्रदर्शनकारियों की ये है मांग
प्रदर्शन कर रहे लोग तुरंत इन प्रवासी बच्चों को इनके परिवार से मिलाने की मांग कर रहे हैं और जिन केंद्रों में बच्चों को रखा जा रहा है, उन्हें बंद करने के लिए आवाज उठा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के सामने तीन मांगें रखी हैं। पहली कि वे बिछड़े प्रवासी परिवारों को तुरंत मिलवाना चाहते हैं। दूसरा, वे चाहते हैं कि सरकार इन फैमिली डिटेंशन सेंटर्स को बंद करे और तीसरा ट्रंप प्रशासन अपनी अप्रवासी (जीरो टॉलरेंस) नीति को समाप्त करे।

ट्रंप के खिलाफ नारेबाजी
वाशिंगटन में विरोध मार्च में शामिल हुए प्रदर्शनकारी 'शर्म करो', 'शर्म करो' चिल्ला रहे थे। इन प्रदर्शनकारियों ने लाफेट चौक से व्हाइट हाउस तक मार्च निकाला। अटलांटा में प्रदर्शनकारियों के हाथों में पिंजरे में कैद गुड़िया थी। न्यूयॉर्क में प्रदर्शनकारियों की भीड़ फोले स्क्वायर पर उमड़ गई। हॉस्टन में प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे थे कि 'बच्चों को जेल नहीं'।

प्रदर्शनकारियों में ये सेलेब्रिटी भी शामिल
इन प्रदर्शनों में कई सेलेब्रिटी भी मौजूद थे। जिनमें गायक जॉन लेजेंड थे, जिन्होंने लॉस एंजेलिस में विरोध प्रदर्शन के दौरान अपना गाना 'प्रीच' गाया। गायिका चेर, अभिनेत्री केरी वाशिंगटन और एमी शूमर ने न्यूयॉर्क में मार्च में हिस्सा लिया और गायिका एलिसिया कीज ने वाशिंगटन में परफॉर्म किया।