जॉन मैक्केन को यथेष्ट सम्मान न देने के चलते चौतरफा आलोचनाओं का सामना कर रहे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने पुराने रुख में परिवर्तन लाते हुए रिपब्लिकन सांसद के निधन की औपचारिक सूचना जारी की है और वॉइट हाउस पर झंडा आधा झुकाने का आदेश दिया है। ट्रंप ने सोमवार को मैक्केन के सम्मान में लिखा, "नीति और राजनीति पर हमारे मतभेदों के बावजूद, मैं अपने देश के सीनेटर जॉन मैक्केन की सेवा का सम्मान करता हूं।" बाद में स्टेट डाइनिंग रूम में ईसाई धर्म के नेताओं से मुलाकात के बाद ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, "हमारी संवेदना और प्रार्थना सीनेटर जॉन मैक्केन के परिवार के साथ है। सीनेटर मेक्केन ने हमारे देश के लिए जो कुछ किया है और उसके लिए हम उनकी बहुत सराहना करते हैं।"