आगरा

आगरा में रेलवे ट्रैक पर एयरफोर्स जवान का शव दो टुकड़ों में मिला, परिवार के साथ जा रहे थे प्रयागराज

Air Force Jawan Death:आगरा में रेलवे ट्रैक पर एयरफोर्स जवान नैनाराम का शव दो टुकड़ों में मिला। वह परिवार के साथ हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे थे। पुलिस ट्रेन से गिरने या आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
2 min read
Sep 10, 2026
baghpat murder case baraut youth killed hammer tea shop couple
प्रतीकात्मक तस्वीर। फोटो सोर्स- पत्रिका

Agra Air Force Jawan Death: आगरा में अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एयरफोर्स के जवान (35) का शव दो टुकड़ों में मिलने से मामला गंभीर हो गया है। जवान की पहचान राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर निवासी नैनाराम के रूप में हुई है। वह पत्नी शोभा और परिवार के साथ हावड़ा एक्सप्रेस से ड्यूटी के लिए प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जवान ट्रेन से गिरा, ट्रैक पार करते समय हादसा हुआ या उन्होंने ट्रेन के सामने छलांग लगाई है।

पत्नी और बच्चों के साथ कर रहे थे सफर

नैनाराम अपनी पत्नी शोभा और दो बच्चों के साथ हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे थे। वह ड्यूटी के लिए परिवार के साथ प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे ट्रेन के कोच में बैठे थे। इसी दौरान जवान ट्रेन से अलग हो गए और बाद में उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।

पत्नी को फोन पर दी गई अलग जानकारी

शव मिलने के बाद जवान के मोबाइल पर लगातार पत्नी और परिवार के लोगों के फोन आ रहे थे। जीआरपी ने फोन पर उनकी पत्नी से बात की। पुलिस ने जवान की पत्नी को बताया कि उनके पति के चोट लगी है। आप अगले स्टेशन पर उतर जाएं और एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इसके बाद शोभा परिवार समेत ईदगाह स्टेशन पर उतर गईं। वहां से वह अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें जवान की मौत के बारे में पता चला।

मौत कैसे हुई, इसकी जांच जारी

फिलहाल यह साफ नहीं है कि नैनाराम की मौत ट्रेन से गिरने, रेलवे ट्रैक पार करने या ट्रेन से कूदने की वजह से हुई। पुलिस उनकी पत्नी और बेटे से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटा रही है। जीआरपी का कहना है कि जिस स्थिति में शव रेलवे ट्रैक पर मिला है, उससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका लग रही है। पुलिस के मुताबिक, शव प्लेटफॉर्म की दिशा में नहीं, बल्कि दूसरी ओर ट्रैक पर मिला है।

ट्रेन के पहिए के सामने आने की भी जांच

पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि ट्रेन के रफ्तार पकड़ने के दौरान जवान ने खुद को ट्रेन के पहिए के सामने कर दिया हो। जीआरपी के अनुसार जवान की मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पत्नी और परिवार के लोग पोस्टमार्टम के लिए पहुंच रहे हैं। अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास जिस जगह जवान का शव मिला, वह जिला मुख्यालय से करीब 26 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
10 Sept 2026 02:30 pm
Published on:
10 Sept 2026 02:30 pm