UP Politics : कोरोना काल में यूपी में 'सेवा भाव' पॉलिटिक्स, सपा और बसपा कार्यकर्ता भी साध रहे संपर्क
हरिओम द्विवेदी
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. 10 माह यूपी विधानसभा चुनाव (UP Vidhansabha Chunav) होंगे। इसीलिए अब मिशन 2022 के लिए चुनावी चौसर सजने लगी है। पार्टी दफ्तरों से बाहर निकलकर अब मैदान में उतरने की रणनीति बनी है। कोरोना की वजह से हर कोई परेशान है। हर किसी ने अपनों को खोया है। ऐसे में सहानुभूति राजनीति और सेवाभाव की पालिटिक्स के जरिए मतदाताओं के दिलों में उतरने की रणनीति बनी है। 26 मई से कांग्रेस ने प्रदेश भर में सेवा सत्याग्रह शुरू कर दिया है। गांव-गांव दवाइयां और सेनेटाइजर बांटे जा रहे हैं। सत्तारूढ़ दल भाजपा (BJP) के मंत्री, सांसद और विधायक 30 मई से गांव-गांव जाएंगे। वे सेवा कार्य करेंगे। सपा-बसपा आलाकमान ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों की मदद का आह्वान किया है। छोटे दल भी जनता के बीच सक्रिय हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी भी सेवा भाव के जरिए ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में पांव जमाने की कोशिश में जुटी है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की अगुआई में गठित भागीदारी संकल्प मोर्चा जिलों में जरूरतमंदों को राशन, दवा मास्क आदि वितरित कर रहा है।
यह भी पढ़ें : स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आमजन का भी हाल जान रहे सीएम योगी
20 हजार गांवों तक जाएगी भाजपा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) भाजपा और सरकार को फ्रंट से लीड कर रहे हैं। अब तक वह यूपी के सभी मंडलों के करीब 50 जिलों का दौरा कर चुके हैं। वह आमजन से मिल रहे हैं और बता रहे हैं कि कैसे मुश्किल की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। सीएम स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों से भी संवाद भी चल रहा है। भाजपा के मंत्री, सांसद और विधायक भी गांवों में जाएंगे। गांव में वे सेवा कार्य करेंगे और सरकार की उपलब्धिया बताएंगे। यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के अनुसार केंद्र सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर 30 मई को मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और पार्टी पदाधिकारी प्रदेश के 20 हजार गांवों में सफाई कार्य, मास्क, सैनेटाइजर, राशन पैकेट, दवाओं की किट सहित आवश्यक सामग्री वितरित करेंगे। 28 से 30 मई तक भाजपा के विभिन्न संगठन जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित करेंगे। प्रति जिले को कम से कम 100 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य है।
10 लाख मेडिकिट वितरित करेगी कांग्रेस
यूपी के सभी जिलों में कांग्रेस ने मेरा गांव-मेरा अभियान शुरू किया है। इसे सेवा सत्याग्रह नाम दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (Ajay Kumar Lallu) के अनुसार कोरोना संक्रमितों के लिए 10 लाख दवा के पैकेटों के साथ 15 हजार लीटर सैनेटाइजर की व्यवस्था कर सभी गांवों सेनेटाइजेशन शुरू किया जा रहा है। कांग्रेस पदाधिकारी न्याय पंचायत स्तर तक की कमेटियों के जरिए गांव-गांव कोरोना लक्षण वाले संक्रमितों व होम आइसोलेशन के मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर दवाएं देंगे। दवाइयों के साथ प्रवासी श्रमिकों, गरीबों के भोजन, राशन की व्यवस्था का अभियान भी चलेगा। आपदा के इस समय में कांग्रेस पार्टी अपने दायित्यों का गंभीरता से निर्वहन कर रही है।
जरूरतमंदों को खाना दे रही 'आप' की रसोई
राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) की अगुआई में आम आदमी पार्टी सेवा भाव के जरिए जनता के दिल में जगह बनाने की जुगत में हैं। आप ने कोरोना मरीजों के लिए कई शहरों में ऑक्सीजन युक्त नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा शुरू की है। चिकित्सकीय परामर्श के आम आदमी पार्टी ने कोरोना हेल्पलाइन भी शुरू की है। इसके अलावा 'आप' की रसोई कोरोना काल में रोजाना हजारों जरूरतमंदों को खाना मुहैया करा रही है।
जरूरतमंदों की मदद कर रहा भागीदारी संकल्प मोर्चा
पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर (OM Prakash Rajbhar) की अगुआई में गठित भागीदारी संकल्प मोर्चा जिलों में जरूरतमंदों को राशन, दवा मास्क आदि वितरित कर रहा है। मोर्चा स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन भी उपलब्ध करा रहा है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार राजभर ने बताया कि हमारा मोर्चा लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रहा है। उन्होंने बताया कि खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर गांव-गांव जाकर जरूरतमंदों की सेवा कर रहे हैं और उन्हें राशन आदि वितरित कर रहे हैं।