मुजफ्फरनगर

योगी सरकार में पुलिस के हौसले बुलंद, पहली बार 32 थानों की फोर्स के साथ इस कुख्‍यात के घर पहुंची पुलिस

मेरठ के सोहरका में हुए दोहरे हत्याकांड में फरार आरोपी सुशील सिंह उर्फ मूंछ व उसके बेटे मनजीत उर्फ टोनी पर पुलिस का शिकंजा बढ़ता जा रहा है
3 min read
sushil mooch

मुजफ्फरनगर। मेरठ के सोहरका में हुए दोहरे हत्याकांड में फरार आरोपी सुशील सिंह उर्फ मूंछ व उसके बेटे मनजीत उर्फ टोनी पर पुलिस का शिकंजा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को एसपी क्राइम के नेतृत्व में मेरठ और मुजफ्फरनगर पुलिस समेत करीब 32 थानों की पुलिस फोर्स मूंछ के गांव मथेड़ी स्थित घर पर पहुंची। सात घंटे चली कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों में अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस थाना रतनपुरी कोतवाली क्षेत्र के गांव मथेड़ी में कुर्की वारंट लेकर पहुंची थी। पुलिस चर्चित अपराधी सुशील मूंछ के घर की कुर्की कर सारा सामान भरकर मेरठ ले गई। वहीं, इस कार्रवाई का पता चलते ही मूंछ के बेटे मनजीत उर्फ टोनी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष सरेंडर कर दिया। हालांकि सुशील मूंछ फरार चल रहा है। बताया जा रहा है कि इतने साल के आपराधि‍क इतिहास के बावजूद पहली बार पुलिस मूंछ के घर में घुसी है।

24 जनवरी को हुआ था डबल मर्डर

दरअसल, मेरठ के थाना परतापपुर क्षेत्र के गांव सोहरका में 24 जनवरी को बुजुर्ग महिला निछत्तर कौर और उसके बेटे बलविंदर की तीन बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। मामले में एक आरोपी मांगे ने दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया था, वहीं विकास जाट को मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इस दोहरे हत्याकांड में कुख्‍यात अपराधी रहे सुशील मूंछ और उसके बेटे टोनी का नाम भी सामने आया था। जब पुलिस उन्‍हें गिरफ्तार नहीं कर पाई तो कोर्ट से कुर्की वारंट जारी कराए गए। इसी आधार पर बुधवार को पुलिस उसके घर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी के वकील ने बताया था कि टोनी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में सरेंडर कर दिया है।

चार दशकों से है अपराध की दुनिया में

आपको बता दें क‍ि सुशील मूंछ के नाम से करीब करीब चार दशकों से क्षेत्र में लोग कांपते हैं। मथेड़ी गांव निवासी सुशील मूंछ व उसके बेटे टोनी पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया गया था। घर पर पहुंची पुलिस को देखकर सुशील मूंछ की पत्नी उषा ने कहा कि नोटिस चस्पा हुए तीन दिन हुए हैं। उसके बाद एक महीने का समय दिया जाता है लेकिन एसपी क्राइम ने इसे नजरंदाज कर दिया और घर में रखे सामान को गाड़ियों में भरने के आदेश दिये। करीब चार गाड़ियों में सामान भरने के बाद पुलिस ने मेन गेट को कटर से काटकर बुलडोजर की मदद से घर की दीवारों को तोड़ दिया।

एक लाख का इनाम भी रखा जा चुका है

इस मामले में एसएसपी मुजफ्फरनगर अनंत देव तिवारी ने कहा कि सोहरका में हुए डबल मर्डर मामले में इनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। वहीं, रतनपुरी एसओ वीरेन्द्र सिंह कसाना ने बताया कि सुशील मूंछ पर रतनपुरी के अलावा आसपास क्षेत्रों में तीन दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं। इन्ही केसों में वर्षों पूर्व प्रशासन ने सुशील मूंछ पर एक लाख का इनाम रखा था। जेल जाने के बाद कई केसों में बरी होने पर सुशील मूंछ अपने घर में ही था। पुलिस का आरोप है कि वह अपने घर से ही गैंग को चला रहा था।

Published on:
22 Feb 2018 11:58 am
Also Read
View All
Muzaffarnagar: ‘दूसरी जिंदगी मिल गई’, एक मजदूर के भाग निकलने के बाद खुली कहानी! बंधुआ मजदूरों ने सुनाई कैद की दास्तां

‘सूखी रोटी दी और जानवरों का चारा खिलाया, कुत्तों से कटवाया’, मुजफ्फरनगर बंधुआ मजदूर कांड’ पर फूटा प्रियंका गांधी का गुस्सा

‘काफिर का खून हलाल है’, ज्ञानवापी सर्वे का आदेश देने वाले जज को ISIS की धमकी, सुरक्षा में कटौती का आरोप

दो साल तक कैद जैसी जिंदगी… चोकर की रोटी, डंडों की मार और पिटबुल का पहरा; जानें कैसे छूटे मुजफ्फरनगर की फैक्ट्री से मजदूर

युवराज सिंह के साथ क्रिकेट खेला, पार्षद रहा, फिर बना कुख्यात अपराधी, दिमाग हिला देगी मुजफ्फरनगर में मारे गए बदमाश की कहानी