
Amroha News: मुस्लिम युवती ने हिंदू महिलाओं पर गजरौला में दबंग लोगों को बुलाकर दोबारा से मारपीट करने की बात कही। इसके साथ ही युवती ने पुलिस पर भी तमाशा देखने का आरोप लगाया। फिलहाल पीड़िता ने पुलिस को मामले में तहरीर देते हुए आरोपी महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग उठाई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चांदपुर से दिल्ली घर लौट रही थी युवती
जानकारी देते हुए दिल्ली निवासी मुस्लिम युवती शाहीन पुत्री यामीन ने बताया कि वह मंगलवार को चांदपुर किसी काम से आई थी। दोपहर बाद जब वह दिल्ली घर वापिस लौट रही थी, तभी प्राइवेट बस में सवार कुछ हिंदू महिलाओं ने उसके साथ सीट पर बैठने को लेकर मारपीट शुरू कर दी। साथ ही युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि महिलाओं ने मारपीट के बाद गजरौला में कुछ दबंग युवकों को बुला लिया, जब बस गजरौला पहुंची तो युवक बस में चढ़ आए और उसके साथ ही मारपीट करते हुए गलत काम करने की धमकी देने लगे। जिस पर युवती घबरा गई और गजरौला थाना आने पर बस को रुकवा लिया। उसी दौरान आरोपी बस से कूदकर भाग गए।
गजरौला आने पर युवती से मारपीट की शुरू
इसके साथ ही युवती ने बताया कि मौके पर कुछ पुलिस कर्मी खड़े थे, उसने आरोपियों के बारे में उनको बताया, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को नहीं पकड़ा और तमाशा देखते रहे। इसके साथ ही युवती ने आरोप लगाया कि यूपी में मुस्लिम सुरक्षित नहीं है। योगी सरकार पर भी युवती ने कई सवाल खड़े किए। युवती का हंगामा देख कस्बा प्रभारी मौके पर पहुंचे और पीड़िता से बात की। साथ ही कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
उधर इस मामले में जानकारी देते हुए गजरौला कोतवाल हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर अज्ञात युवतियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपी युवतियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Updated on:
4 Oct 2023, 5:25 PM IST
Published on:
4 Oct 2023, 5:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.