
भालूमाड़ा/बदरा. पिछले कुछ माह से कोयलांचल नगरी जमुना, भालूमाड़ा और कोतमा नगर के एटीएम पूरी तरह ड्राई पड़े हुए हैं। वहीं एटीएम में पैसे नहीं होने के साथ साथ काउंटर से पैसे की कम उपलब्धता के कारण नगरवासी नगदी के लिए परेशान हैं। अक्षय तृतीया के मुहूर्त से आरम्भ होने वाले शादी-ब्याह, बच्चों के स्कूल, एडमिशन की फीस, यूनिफॉर्म व कॉपी-किताब तक के लिए लोगों को पैसे नहीं मिल रहे हैं। बैंक अधिकारी आरबीआई से करेंसी न आने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
बैंक अधिकारी के अनुसार स्थिति सामान्य होने में माहभर लग सकते हैं। जबकि प्रतिमाह के शुरुआत में शासकीय कर्मचारियों का भुगतान होता है और बैंकों में पैसा नहीं होने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवार वालों को अघोषित नोटबंदी के दौर से गुजरना पड़ रहा है। भालूमाड़ा व कोतमा से कोयला अंचल के लगभग 5000 से ज्यादा श्रमिकों का वेतन स्टेट बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन पैसे की कमी में एसईसीएल के हजारों श्रमिकों व पदाधिकारियों का भुगतान अटक गया है। वहीं बैंक द्वारा काउंटर पर पैसे की कमी बताकर कभी २ हजार तो कभी ५ हजार की राशि थमाई जा रही है। वहीं बाजार में स्थानीय व्यापारियों का बुरा हाल है लोगों को पैसे ना मिलने के कारण व्यापारियों को भी पैसे नहीं मिल रहे हैं। जिससे उनका धंधा चौपट हो रहा है। फिलहाल वर्तमान में पूरे क्षेत्र की हालत इतनी खराब है वह चाहे दुकानदार हो या कॉलरी कर्मचारी पैसे-पैसे के लिए मोहताज बने हुए हैं।
बैंक नहीं ले रहे सिक्के
भालूमाड़ा के व्यापारियों ने बताया कि बैंक में सिक्के नहीं लिए जा रहे है,ं उनकी शिकायत है कि जब बैंक में सिक्कों को जमा करने जाते हैं तो बैंक के कैशियर साफ मना कर देते हैं। ऐसी स्थिति में व्यापारी सिक्को को लेकर कहां जमा करने जाएं।
इनका कहना है
आरबीआई पैसा नहीं दे रहा है। पैसा नहीं है करेंसी की समस्या यहीं नहीं पूरे प्रदेश में है। 15 दिन से 1 माह के अंदर समस्या खत्म होने की संभावना है।
एसके पंड्या, शाखा प्रबंधक स्टेट बैंक कोतमा।
------------------
नर्मदा को स्वच्छ बनाने जन समुदाय आया आगे
अनूपपुर. मप्र. की जीवनदायिनी कही जाने वाली मां नर्मदा को अविरल व स्वच्छ बनाने के लिए जन अभियान परिषद की अगुवाई में मां रेवा स्वच्छता अभियान का सातवां चरण अमरकंटक में आरंभ हुआ। जिसके पहले दिन सावित्री सरोवर एवं मां नर्मदा मन्दिर के पीछे सफाई का कार्य किया गया। स्वच्छता अभियान में विकसखंड समंवयक ब्रजेंद्र मिश्रा की अगुवाई में नगर पंचायत अमरकंटक की अध्यक्ष, पुष्पराजगढ़ विकासखंड की प्रस्फुटन समितियों, वन विद्यालय के प्रशिक्षुओं, नई उड़ान सामाजिक कल्याण समिति के सदस्यों, नर्मदा प्रहरी व्यपारी संघ के सदस्यों एवं नर्मदा सेवा समिति के सदस्यों द्वारा सुबह 6 से 8 बजे तक श्रमदान कर मां नर्मदा को स्वच्छ करने में सहयोग प्रदान किया। सोमवार १६ अप्रैल को पुन: सुबह 6 से 8 बजे इसी स्थान पर श्रमदान किया जाएगा।
Published on:
16 Apr 2018, 5:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.