अनूपपुर. गर्मी की तपिश ने जिले के जंगली क्षेत्रों में अपना कहर बरपाना आरम्भ कर दिया है। जहां थोड़ी सी आग की चिंगारी में वनीय क्षेत्र के हरे-भरे पेड़-पौधे जलकर खाक हो रहे हैं। मंगलवार १ मई की रात अनूपपुर-जैतपुर मुख्य मार्ग के मध्य ग्राम पोंडी-सांधा तिराहा के समीप अज्ञात कारणों से सरई के सूखे पेड में आग लग गई। जिसके बाद आग पेड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में फैलना आरम्भ कर दिया। वहीं रास्ते से गुजर रहे लोगों ने आग की सूचना नगरपािलका अनूपपुर को दी। जहां मौके पर नपा की फायरब्रिगेड वाहन ने पहुंचकर आग को बुझाने में सफलता पाई। फायरब्रिगेड चालक शिवमोहन सिंह का कहना था कि अगर आग को बुझाने में थोड़ी से विलम्ब हो जाती तो रात के कारण आग को काबू करना मुश्किल हो जाता। फिलहाल लोगों ने आग बुझाकर राहत महसूस की है।
----------------
राइस मिल में भड़की आग
कोतमा. मनेन्द्रगढ़ रोड स्थित श्याम जी गहोई के राईसमिल में 1 मई को शाम 7 बजे के लगभग अचानक आग लग गई। आग राईसमिल में बने मकान के ऊपर रखे खाली बोरो में लगी। आग की लपटे काफी तेजी से निकल रही थी। आग लगने के सूचना तत्काल ही नगरपालिका को दी गई, जहां तत्काल मौके पर फायरब्रिगेड वाहन ने पहुंचकर आग बुझाने का कार्य आरम्भ किया। 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बिजली विभाग ने भी आग की सूचना पर लाईट बंद करवाई। अगजनी के कारण अज्ञात बताया जा रहा है।
-----------------
नदियों से हो रही रेत की चोरी
कोतमा. जल संकट के दौरान सूखी नदियों से रेत माफियाओं द्वारा धडल्ले सेे रेत की चोरी की जा रही है और महंगे दामों में बाजारों में उतारा जा रहा है। कोतमा के आसपास के केवई नदी के जमुडी घाट, चंगेरी घाट, पंप घाट, पैरीचूआ घाट, इमली घाट, दारसागर से दर्जनों की तदाद में वाहनों द्वारा रेत का परिवहन किया जाता है। कभी कभार कुछ वाहनों पर कार्रवाई कर विभाग द्वारा खानापूर्ति कर दी जाती है। जिसके बाद पुन: रेत माफियाओं द्वारा धडल्ले से रेत की चोरी आरम्भ कर देते हैं। जानकारी के अनुसार बेलिया ,वरगवां, देवगवां, बगैहाटोला, जोगीटोला, रेउला के नदी ,नालों सहित कोतमा के जीवनदायिनी कहे जाने वाली केवई नदी पर इन माफियाओं की नजर है।