
थाना से १०० मीटर की दूर बैंक के सामने टूटी बाइक की डिक्की, १ लाख ७० हजार रूपए गायब
पूर्व में भी दिनदहाड़े दो बड़ी चोरी की घटनाओं सहित रात में जीप गायब मामले में पुलिस अबतक नाकाम
अनूपपुर। जिला मुख्यालय अनूपपुर की नगर सुरक्षा में गुरूवार की शाम ४.३० बजे एक बार फिर से अपराधिक तत्वों ने सेंध मारी करते हुए कोतवाली थाना से महज १०० मीटर की दूरी पर सेंट्रल के सामने से खड़ी बाइक एमपी ६५ एम २६५० की डिक्की तोडक़र उसमें रखे १ लाख ७० हजार रूपए चुरा ले गया। बाइक मालिक २९ वर्षीय विजय सिंह राठौर पिता शोधराम राठौर निवासी चोरभठी जैतहरी ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जहां मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैष्णव शर्मा ने बैंक सहित आसपास के स्थानों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज को खंगाला। इस दौरान बैंक के सामने खड़ी बाइक से एक व्यक्ति द्वारा पैसे निकालते हुए देखा गया। वहीं रात ७.३० बजे पुलिस अधीक्षक हितेश चौधरी ने बैंक परिसर का निरीक्षण कर सीसीटीवी के फुटेज की भी जांच की, जहां पुलिस अधीक्षक ने एएसपी से टीम गठित कर सम्बंधित संदिग्ध व्यक्ति की ढूढ़ निकालने के निर्देश दिए। एएसपी वैष्णव शर्मा के अनुसार घटना शाम ४.३० बजे की है जहां जैतहरी स्थित बाइक शोरूम कर्मचारी विजय सिंह राठौर गुरूवार को कंपनी के पैसे रिकवरी कर वापस जैतहरी लौट रहा था, जहां शाम को अनूपपुर वार्ड क्रमांक ८ सेंट्रल बैंक में ३० हजार रूपए जमा करने गया, इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बाइक की डिक्की तोडक़र उसमें रखे १ लाख ७० हजार रूपए निकाल लिए। पुलिस के अनुसार बाइक की डिक्की में २ लाख रूपए रखे हुए थे, जहां बाइक खड़ी करने के उपरांत विजय सिंह राठौर ने डिक्की खोलकर २ लाख की राशि से ३० हजार निकाले और शेष राशियों को डिक्की में ही रख बैंक के अंदर चला गया। एएसपी वैष्णव शर्मा का कहना है कि बुधवार की दोपहर को भी सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्ध व्यक्ति ने बुढार में एक व्यक्ति की डिक्की तोडक़र उसमें रखे ५० हजार रूपए की चोरी की थी। वहीं अनूपपुर में भी मिले सीसीटीवी फुटेज में सम्बंधित व्यक्ति की तस्वीर सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बॉक्स: धारा १४४ में चोर उठा ले गए जीप
इससे पूर्व पत्रिका ने २८ मार्च को अनदेखी चौराहा वीरानी गलिया सुनसान शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसमें जिला मुख्यालय की मुख्य चौराहो को मुख्यालय के बावजूद असुरक्षित और सुनसान दिखाते हुए वहां जवानों की अनुपस्थिति को बताया था। साथ ही इन असुरक्षा में किसी अप्रिय घटना घटित होने की सम्भावनाएं भी जताई थी। बावजूद ९ अप्रैल की रात जहां जिला प्रशासन ने धारा १४४ लगाते हुए जिले को अलर्ट किया, वहीं रात के दौरान वार्ड क्रमांक ०१ स्थित सामतपुर-कलेक्ट्रेट मुख्य मार्ग पर खड़ी एक जीप को अज्ञात चोरों द्वारा चुरा लेने की घटना को अंजाम दिया गया। बावजूद नगर की पुलिस सुरक्षा की अनदेखी कर जवानों को नगर भ्रमण और चौराहों की सुरक्षा में तैनात नहीं किया।
बॉक्स: दो बड़ी चोरियों का अबतक नहीं हुआ खुलासा
इससे पूर्व दिसम्बर २०१७ तथा फरवरी २०१८ में कोतवाली थाना से १०० मीटर की कम दूरी पर दिन दहाड़े रेलवे कॉलोनी के क्र्वाटरों से दो बड़ी चोरी की घटना घटित हुई थी। जिसमें चोरों ने लाखों के जेवरात और नगदी को चुरा ले गए। शुरूआती समय में पुलिस मामला दर्ज कराने से कतराती रही, लेकिन पत्रिका की खबर प्रकाशन के उपरांत कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। लेकिन आश्चर्य कई माह गुजर जाने के बाद भी दोनों चोरियों में अबतक किसी आरोपी की गिरफ्तारी और सामानों की जब्ती नहीं हो सकी।
वर्सन:
बाइक की डिक्की तोड़ पैसे निकालने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है, कुछ स्थानों की छानबीन भी की गई है, जल्द ही आरोपी को गिर$फ्तार कर लिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए विशेष हिदायत दी गई है, साथ ही चौक-चौराहों पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हितेश चौधरी, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर।
-----------------------------------------------------------
Published on:
14 Apr 2018, 8:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.