
कोरोना का कहरः जिले में फिर मिला कोरोना पॉजीटिव मरीज, हड़कंप
अशोकनगर. सीहोरा गांव में जिले का तीसरा कोरोना पॉजीटिव मरीज पाया गया है, जो चार दिन पहले ही इंदौर से लौटा था। रात में जांच रिपोर्ट आते ही प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। साथ ही पंचायत को कंटोनमेंट एरिया घोषित किया गया। वहीं प्रशासन ने पूरे गांव को सील कर आवाजाही रोक दी है।
मुंगावली ब्लॉक की ग्राम पंचायत अचलगढ़ के सीहोरा गांव निवासी 29 वर्षीय राजकुमार में कोरोना की पुष्टि हुई है। जो चार दिन पहले इंदौर से लौटा था और 13 मई को उसका सेंपल लेकर कोरोना संक्रमण की जांच के लिए भेजा गया था। रविवार रात को आई जांच रिपोर्ट में राजकुमार अहिरवार में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इससे स्वास्थ्य विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे। इसके बाद कोरोना पॉजीटिव राजकुमार अहिरवार को जिले के आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरु हो गई। साथ ही उसके परिवार के सदस्यों को भी क्वारेंटीन में रखा जाएगा। सभी कें सेंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।
पंचायत कंटोनमेंट एरिया, पूरा गांव हुआ सील
एपिडेमियोलॉजिस्ट दीपक सिसोदिया के मुताबिक पूरी अचलगढ़ ग्राम पंचायत को कंटोनमेंट एरिया घोषित किया गया है। साथ ही सीहोरा गांव सहित आसपास के चार-पांच गांवों में स्वास्थ्य सर्वे किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने सीहोरा गांव के सभी रास्तों को बेरीकेट्स लगाकर सील कर दिया है। साथ ही किसी के भी गांव से बाहर निकलने या बाहर के लोगों के गांव में जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। ताकि संक्रमण न फैल सके।
सेंपल के बाद से गांव में था मरीज
कोरोना संक्रमण की जांच के लिए सेंपल लिए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने राजकुमार अहिरवार को 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया था। इससे वह गांव पर ही रह रहा था। इससे गांव में भी अन्य लोगों को उसके माध्यम से संक्रमित होने की आशंका है।
Published on:
18 May 2020, 9:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.