8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिपं अध्यक्ष समर्थकों का भोपाल में हंगामा, पूर्व विधायक रघुवंशी को चुनाव लड़ाने निर्णय

टिकिट वितरण पर भाजपा में शुरू हुई बगावत, कांग्रेस के बागी प्रत्याशी को टिकिट मिलने के विरोध में एकजुट हुए...

3 min read
Google source verification
protest

जिपं अध्यक्ष समर्थकों का भोपाल में हंगामा, पूर्व विधायक रघुवंशी को चुनाव लड़ाने निर्णय

अशोकनगर/ईसागढ़. भाजपा ने कांग्रेस छोड़कर आए नेताओं को मुंगावली व चंदेरी विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया, तो दोनों ही विस क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों और दावेदारों ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

टिकिट कटने से नाराज जिपं अध्यक्ष के समर्थकों ने भोपाल पहुंचकर हंगामा किया, तो वहीं चंदेरी विधानसभा के दावेदारों ने ईसागढ़ में बैठक की और भाजपा के पूर्व विधायक जगन्नाथसिंह रघुवंशी को किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया।

इससे दोनों ही सीटों पर बगावत के सुर उठने लगे हैं, चुनाव में पार्टी के लिए गले की फांस बन सकते हैं।

ईसागढ़ के नगर परिषद अध्यक्ष भूपेंद्रनारायण द्विवेदी को ने 28 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता ली थी और पांच दिन बाद ही भाजपा ने उन्हें चंदेरी विधानसभा का प्रत्याशी घोषित कर दिया।

इससे भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया। चंदेरी विधानसभा से दावेदारी कर रहे भाजपा के पूर्व विधायक जगन्नाथसिंह रघुवंशी, पूर्व विधायक राजकुमारसिंह यादव, किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमरसिंह यादव, मंडल अध्यक्ष महादेवसिंह यादव ने कई समाजों के लोगों के साथ शनिवार दोपहर को ईसागढ़ के दीक्षा पब्लिक स्कूल में बैठक की।

जिसमें कांग्रेस के बागी भूपेंद्रनारायण को भाजपा से टिकिट मिलने का विरोध जताया। खास बात यह है कि इस बैठक में कांग्रेस के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

भाजपा नेता व पूर्व विधायक राजकुमारसिंह यादव ने कहा कि पार्टी का यह निर्णय हैरानी भरा है, इसका सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता विरोध करते हैं। पूर्व विधायक ने बताया कि बैठक में जगन्नाथसिंह रघुवंशी के नाम पर सहमति बनी है, यदि वह मना करेंगे तो फिर से बैठक कर दूसरे नाम पर चर्चा की जाएगी।


किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ सकते हैं जगन्नाथसिंह-
चंदेरी विधानसभा से टिकिट मांग रहे भाजपा के दावेदारों की पूर्व विधायक जगन्नाथसिंह रघुवंशी के नाम पर सहमति बन गई है।

इससे अब जगन्नाथसिंह रघुवंशी भाजपा से बगावत कर किसी भी पार्टी से चंदेरी विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं और इस बैठक में शामिल लोगों ने यह भी निर्णय लिया है कि पूर्व विधायक भले ही किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ें, सभी लोग उनकी चुनाव जिताने में पूरी मदद करेंगे।

सूत्रों की मानें तो इसके लिए प्रमुख रूप से अब बसपा से संपर्क साधा जा रहा है। हालांकि किसी राष्ट्रीय पार्टी का मेंडेट नहीं मिलने पर जगन्नाथसिंह चुनाव लड़ेंगे या नहीं।

इस पर फिलहाल संशय बना हुआ है। लेकिन इस बैठक से यह जरूर स्पष्ट हो गया कि इस बार भाजपा को दोनों सीटों पर बागियों से भी मुकाबला करना पड़ेगा।

जिपं अध्यक्ष पुत्र ने की नारेबाजी-
जिपं अध्यक्ष के पुत्र यादवेंद्रसिंह ने अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष के सामने टिकिट बदलने की मांग रखी।

कांग्रेस के बागी प्रत्याशी को टिकिट देने से भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विश्वासघात हुआ है। अगर पार्टी को इस तरीके से टिकिट देना थे तो सर्वे और रायशुमारी कहां चली गई? यदि ऐसी मजबूरी थी तो पार्टी को दावेदारों और भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं से पूछना था। बैठक में जगन्नाथसिंह रघुवंशी के नाम पर सहमति बनी है वह किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ें हम समर्थन करेंगे।
राजकुमारसिंह यादव, पूर्व विधायक भाजपा

कांग्रेस पार्टी अब मेरे लिए बीते दिनों की बात है। कांग्रेस का मेरे प्रति उपेक्षित रवैया हो गया था। इससे मैने भाजपा ज्वाइन की है। अब मैं भी भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता हूॅ। जहां तक विरोध की बात है तो सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर सामंजस्य बैठाने का प्रयास करेंगे।
भूपेन्द्रनारायण द्विवेदी, भाजपा प्रत्याशी विधानसभा चंदेरी

भाजपा परिवार की तरह है और हम परिवार की तरह काम करेंगे। यादवेंद्र मेरे छोटे भाई हैं और हमारे बीच कोई मनमुटाव नहीं है। मेरी उनसे बात हुई है ,वह सिर्फ अपनी बात रखने भोपाल गए हैं। हम सब मिलकर कांग्रेस का सूपड़ा साफ करेंगे।
डॉ.केपी यादव, भाजपा प्रत्याशी विधानसभा मुंगावली