
पाकिस्तानः इमरान खान के करीबी आरिफ अल्वी ने जीता राष्ट्रपति का चुनाव
इस्लामाबादः पाकिस्तान में सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के नेता आरिफ अल्वी देश के नए राष्ट्रपति चुन लिए गए हैं। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, आरिफ को देश का 13वां राष्ट्रपति चुना गया। आज हुए मतदान में आरिफ अल्वी को जीत हासिल हुई है। चुनाव आयोग बुधवार को इस जीत की आधिकारिक घोषणा करेगा। राष्ट्रपति चुनाव में पीटीआई की ओर आरिफ अल्वी, पीपीपी (पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी) की ओर से चौधरी एतजाज अहसन और जमीअत-ए-उलेमा (एफ) की ओर से मौलाना फजल उर रहमान मैदान में थे। विपक्ष का संयुक्त प्रत्याशी खड़ा नहीं होने से आरिफ अल्वी की जीत की राह आसान हो गई थी।
जीत से आरिफ अल्वी गदगद
बेशक अभी जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन आरिफ अल्वी मंगलवार को बेहद खुश नजर आए। अल्वी ने कहा कि, "मैं ईश्वर का आभारी हूं कि आज पीटीआई नामित उम्मीदवार राष्ट्रपति पद की दौड़ में सफल रहे हैं।" मैं इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री इमरान खान का आभारी हूं।" उन्होंने कहा कि वे अब पूरे देश के राष्ट्रपति हैं इसलिए उनके लिए सभी पार्टियां एक जैसी हैं। आरिफ अल्वी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि गरीबों और किसानों के लिए उनकी सरकार अच्छा काम करेगी और लोग खुशहाली से जीवन जी सकेंगे।
राष्ट्रपति के लिए आज हुए थे चुनाव
पाकिस्तान की संसद, लाहौर, कराची, पेशावर और क्वेटा में प्रांतीय विधानसभाओं में पाकिस्तान के 13वें राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए गुप्त मतपत्र प्रणाली से हुआ। मतदान सुबह 10 बजे से शुरू हुआ और शाम को चार बजे संपन्न हो गया। पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग ने सदस्यों को मतदान के समय मोबाइल फोन ले जाने से रोक दिया था। बता दें कि निवर्तमान राष्ट्रपति ममनून हुसैन का कार्यकाल आठ सितंबर को समाप्त हो रहा है। उन्होंने पांच साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुनाव में उतरने से इनकार कर दिया था।
Published on:
4 Sep 2018, 7:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.