जेरूसलम। इजरायली सेना ने शुक्रवार को दक्षिणी गाजा पट्टी में हमास सैन्य चौकी को तबाह कर दिया। इजरायली सुरक्षा बल (आईडीएफ) द्वारा जारी बयान में यह बात कही गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिणी गाजा से इजरायल में कई फिलिस्तीनियों द्वारा घुसपैठ के बाद आईडीएफ टैंक से यह हमला किया गया। घुसपैठियों ने सीमा बाड़े इलाके में बम और विस्फोटक उपकरण फेंका था। सेना के मुताबिक, गाजापट्टी की सीमा से सटी पांच जगहों पर शुक्रवार को करीब आठ हजार फिलीस्तीनी एकत्र हुए और तोड़फोड़ का प्रयास किया।
झड़प में एक की मौत, 220 घायल
इजरायली मीडिया ने गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से कहा कि गाजापट्टी सीमा पर भिड़ंत के दौरान 25 वर्षीय एक फिलीस्तीनी की मौत हो गई जबकि 220 से ज्यादा घायल हुए। इन घायलों में कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में इजरायली सैनिकों के घायल होने की खबर नहीं है। फिलहाल मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।