
इंडोनेशिया में सुनामी के बाद बढ़ी लूट की घटनाएं, 92 लोग गिरफ्तार
जकार्ता: इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप पर 7.5 तीव्रता के भूकंप और सुनामी की चपेट में आकर 1,407 लोगों की मौत के बाद यहां लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोप में कम से कम 92 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इंडोनेशिया पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता देडी प्रसेत्यो के अनुसार, केंद्रीय सुलावेसी प्रांत के पांच क्षेत्रों में कारों, मोटरसाइकिलों, सिगरेटों, कॉफी और खाद्य उत्पादों की चोरी की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस इस संबंध में और लोगों को पकड़ सकती है। बता दें कि भूकंप का फायदा उठाकर यहां की तीन जेलों से करीब चौदह सौ कैदी फरार हो चुके हैं।
चोरों पर पुलिस की पैनी निगाह
पुलिस प्रवक्ता देडी प्रसेत्यो ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "प्रांत की राजधानी पेलु में लूट की अधिकतर घटनाएं हुई हैं। सिगी, टोली-टोली और डोंग्गाला रीजेंसी में भी ऐसी ही घटनाएं दर्ज की गई हैं।" प्रवक्ता ने हिरासत में लिए गए दर्जनों लोगों और लूटी गई सामग्रियों को संवाददाता सम्मेलन में पेश किया। इंडोनेशियाई सेना ने दुकानों, एटीएम, गैस पंपों और हवाईअड्डों के बाहर सैनिकों को तैनात किया है। अधिकारी क्षेत्र में सहायता सामग्रियों के वितरण में सहयोग कर रहे हैं, जहां लगभग 70,000 लोग विस्थापित हुए हैं।
भोजन के लिए तरस रहे हैं लोग
इंडोनेशिया में अधिकारियों का कहना है कि हजारों लोगों को खाने, ईंधन और पानी की बहुत ज्यादा जरूरत है। सेना के कर्नल मोहम्मद तोहिर ने कहा कि सुनामी से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में से एक डोंग्गाला जैसे इलाकों में हेलीकॉप्टर के माध्यम से तत्काल मदद भेजे जाने की जरूरत है। इसके साथ-साथ वे जिले जो बचाव दलों की पहुंच से दूर हैं, वहां भी हवाई मदद की जरूरत है। इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा कि इमारतों के मलबे में अभी भी सैकड़ों लोग फंसे हो सकते हैं। बचाव दल सभी प्रभावित इलाकों तक अभी भी पहुंच नहीं सके हैं।
Updated on:
04 Oct 2018 05:19 pm
Published on:
04 Oct 2018 05:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
