
मालदीव: राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के लिए मोदी को न्योता, जीत के बाद फोन पर हुई थी बातचीत
माले। मालदीव के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सोलिह की प्रवक्ता मारिया अहमद दीदी ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रविवार को संपन्न हुए राष्ट्रपति चुनाव में सोलिह की जीत के बाद दोनों पक्षों के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसी दौरान सोलिह ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए मोदी को आमंत्रित किया। बता दें कि ये समारोह नवंबर में आयोजित होगा।
17 नवंबर को शपथ लेंगे सोलिह
विपक्षी मालदीव डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार सोलिह ने राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन को हराकर जीत दर्ज की है। वह 17 नवंबर को शपथ लेंगे और जिसके बाद उनका कार्यकाल 2023 तक होगा।
द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर भी हुई बातचीत
वहीं भारत ने इन चुनाव के नतीजों का स्वागत किया। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए नजदीकी रूप से कार्य करने पर सहमति जताई। बता दें कि प्रवक्ता ने ये भी कहा कि मोदी ने सोलिह को भारत का आधिकारिक दौरा करने के लिए आमंत्रित किया है, जिसे सोलिह द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।
नतीजों से पहले भारत की चिंता
गौरतलब है कि मतदान से पहली ऐसी खबरें आई थी कि चुनाव का संचालन एक चाईनीज कंपनी की ओर से कराया जा रहा है। जोकि भारत के लिए चिंता की बात थी, क्योंकि हाल में भारत और चीन के बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे। चीन भारत के हर पड़ोसी देश पर अपनी मेहरबानी दिखा कर उन्हें अपने पाले में लेने की कोशिश में जुटा हुआ है। हालांकि रविवार को नतीजों के बाद भारत की चिंता दूर हो गई क्योंकि आखिरकार भारत समर्थित उम्मीदवार सोलिह ने ही चुनावों में जीत हासिल की।
Updated on:
27 Sep 2018, 7:51 PM IST
Published on:
27 Sep 2018, 7:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.