इस्लामाबाद। क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान 14 अगस्त से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रुप में शपथ लेंगे। नेशनल एसेंबली चुनाव में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन पार्टी बहुमत से 22 कदम दूर रह गई। पार्टी सरकार बनाने और इमरान खान को देश की कमान सौंपने के लिए निर्दलीयों और छोटी पार्टियों से समर्थन हासिल करने के लिए अनवरत प्रयास कर रही है। पाकिस्तान चुनाव आयोग द्वारा मुहैया कराए गए आंकड़ों के अनुसार, पीटीआई ने 270 सीटों में से 115 पर जीत दर्ज की है। पार्टी को हालांकि बहुमत के लिए 22 और सीटों की जरूरत है। मई में अपनी सरकार का कार्यकाल पूरा कर चुकी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज(पीएमएल-एन) को इस बार केवल 64 सीटों से संतोष करना पड़ा है, जबकि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी(पीपीपी) 43 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर है।