
भारत के साथ बराबरी का रिश्ता चाहते हैं पाकिस्तान के पहले हिंदू सांसद महेश मलानी
लाहौर। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में जनरल सीट पर चुने जाने वाले पहले हिंदू सांसद महेश मलानी का कहना है कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच बराबरी का रिश्ता चाहते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों मुल्कों के बीच अमन और भाईचारा कायम करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। जनरल सीट इ चुनाव लड़ने वाले महेश मलानी ने पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
भुट्टो परिवार के बेहद करीबी रहे महेश मलानी ने NA-222 सीट से नेशनल असेम्बली का चुनाव जीता है। बता दें कि पाकिस्तान में साल 2002 में ही गैर-मुस्लिमों को भी जनरल सीट से चुनाव लड़ने का अधिकार दिया गया था।
पाकिस्तान में सुरक्षित हैं हिन्दू
एक विशेष इंटरव्यू में महेश मलानी ने पाकिस्तान छोड़कर भारत जाने वाले सैकड़ों हिंदू शरणार्थियों से अपील की है कि वो अपने मुल्क पाकिस्तान लौट आएं। उन्होंने कहा " पहले के मुकाबले अब स्थितियां बदल गई है। जो हिन्दू हिन्दुस्तान चले गए हैं, वे बिना डर वापस लौट सकते हैं। इंटरव्यू में महेश मलानी आगे कहते हैं कि "जिन्हें पाकिस्तान सुरक्षित नहीं लगता, उनके लिए यहां आना बाध्यता नहीं है। और वो लोग जिन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया है या नागरिकता हासिल कर ली है, उनके लिए मेरे पास कुछ भी कहने को नहीं है।"
दोनों देशों बराबर हैं
पाकिस्तान के एकलौते हिन्दू सांसद का कहना है कि दोनों देशों को अपने संबंधों की दुरुस्त करने और क्षेत्र में शांति और सद्भाव लाने का प्रयास करना चाहिए। बेनजीर भुट्टों की भारत पाकिस्तान संबंधों पर की गई कोशिशों पर महेश मलानी के कहना है कि "दिवंगत बेनजीर भुट्टो हमेशा भारत सहित सभी पड़ोसियों के साथ बेहतर रिश्तों की वकालत करती थीं। मैं उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए भारत के साथ संबंधों को प्रोत्साहित करने का काम करूंगा।" उन्होंने कहा कि एक विपक्षी पार्टी के रूप में पीपीपी सरकार द्वारा भारत पाक रिश्तों के लिए की गई कोशिशों का समर्थन करेगी।
पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव नहीं
महेश मलानी का दावा है कि पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाद नहीं हो रहा है। उन्होंने इंटरनेशनल मीडिया पर पकिस्तान को बदनाम करने की साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के बारे में मीडिया सिर्फ नकारात्मक खबरें दिखाता है। उन्होंने कहा कि मेरा चुनाव जीतना अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए संदेश है कि पाकिस्तान में सब ठीक है।
Published on:
07 Aug 2018 02:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
