16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाकिस्तान चुनाव में वोट नहीं डाल पाए ट्रांसजेंडर्स, ये रही वजह

पाकिस्तान में आज ट्रांसजेंडर्स को वोट डालने नहीं दिया गया। जिसकी वजह से मतदान की प्रक्रिया कुछ समय के लिए बाधित रही।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Mangala Prasad Yadav

•

Updated: 25 Jul 2018, 6:09 PM IST

Transgenders

पाकिस्तान चुनाव में वोट नहीं डाल पाए ट्रांसजेंडर्स, ये रही वजह

लाहौर। पाकिस्तान के राजनीतिक इतिहास में पहली बार निर्वाचन आयोग ने ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों के मतदान के दौरान 'पर्यवेक्षकों' की तैनाती की लेकिन बुधवार को लाहौर में उन्हें वोट डालने की इजाजत नहीं दी गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, "ऐसी खबरें हैं कि लाहौर में पुरुष मतदान केंद्रों पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को वोट डालने नहीं दिया गया।" पाकिस्तान आम चुनाव में ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्य न केवल मत डाल रहे हैं, बल्कि चुनाव भी लड़ रहे हैं। इस बार पांच ट्रांसजेंडर उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस चुनाव में 13 ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों ने राष्ट्रीय और प्रांतीय असेंबली के लिए अपना नामांकन पत्र भरा था लेकिन इनमें से नौ को फंड की कमी की वजह अपना नामांकन वापस लेना पड़ा।

इन दिग्गजों ने डाला वोट

इससे पहले पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख इमरान खान ने इस्लामाबाद निर्वाचन क्षेत्र में अपना वोट डाला। जबकि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने लरकाना में वोट डाला। उधर, मुख्य न्यायाधीश साकिब निसार ने लाहौर में अपना वोट डाला। राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कराची में अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। मतदान करने वाली शख्सियतों में पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी, पूर्व रक्षा मंत्री खुर्रम दस्तगीर, जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (जेयूआई) मौलाना फजल-उर-रहमान और क्रिकेट खिलाड़ी वसीम अकरम और उनकी मां भी शामिल रहीं।

मतदान केंद्रो पर भारी संख्या में तैनात थे सुरक्षाकर्मी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के नौशेरा निर्वाचन क्षेत्र के पीके-65 में महिलाओं को वोट नहीं डालने दिया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक संदिग्ध को उस समय पकड़ लिया गया, जब उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए कराची के ल्यारी बिहार कालोनी में मतदान केंद्र एनए-246 में घुसने की कोशिश की। पाकिस्तान में मतदान केंद्रों पर कानून और व्यवस्था बनाए रखने और किसी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, 5,878 मतदान केंद्रों को अत्यधिक संवेदनशील घोषित किया गया था। पंजाब और इस्लामाबाद में 5,487, खैबर पख्तूनवा और संघ शासित कबायली इलाके (फाटा) में 3,874 और बलूचिस्तान में 1,768 संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए थे।