
चीन: शंघाई में तूफान 'जोंगदारी' ने दस्तक दी, भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त
शंघाई। चीन के शंघाई में शुक्रवार को तूफान 'जोंगदारी' ने दस्तक दे दी। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि तूफान ने 10.30 बजे दस्तक दी। चीनी की सरकारी समाचार एजेंसी ने बाढ़ नियंत्रण मुख्यालय के हवाले से बताया कि तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ जोंगदारी में अब तक 500 से अधिक पेड़ उखड़ चुके हैं। तेज हवाओं के साथ ही भारी बारिश से शंघाई के कई इलाकों में जलभराव हो गया है और लगभग 800 घरों में बिजली गुल हो गई है।
मौसम विज्ञान एजेंसी का कहना है कि तूफ़ान जोंगदारी 30 जुलाई की शाम 6 बजे जापान के कागोशिमा प्रिफ़ैक्चर के याकुशिमा द्वीप से दक्षिणपश्चिम में 90 किलोमीटर दूर था और 15 किलोमीटर घंटे की रफ़्तार से दक्षिण की ओर जा रहा था। तबसे यह तूफ़ान लगातार मजबूत हो रहा है।
शंघाई में तेज बारिश
खबरों के अनुसार शंघाई में तूफ़ान के दस्तक देते ही तेज बारिश शुरू हो गई। हालांकि स्थिति को समय पर ही नियंत्रित कर लिया गया लेकिन बारिश से होने वाले जल जमाव की वजह से लोग परेशान हैं। दोपहर बाद बारिश की रफ्तार कमजोर पड़ने की संभावना है।
सुरक्षित जगहों पर पहुंचाए गए लोग
खबरों में कहा गया है कि लगभग डेढ़ लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। 145 से अधिक उड़ानें और 119 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। कुछ समुद्र तटों को भी बंद कर दिया गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। बता दें कि इससे पहले 22 जुलाई को तूफान 'एम्पिल' ने शंघाई के चोंगमिंग द्वीप पर दस्तक दी थी।
Published on:
03 Aug 2018 01:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
